बरेली में गरजेंगे सीएम योगी: 4 हजार ग्राम प्रहरियों का होगा सम्मान, शिक्षक एमएलसी चुनाव में भी साधेंगे निशाना

0 23

- Advertisement -

बरेली में गरजेंगे सीएम योगी: 4 हजार ग्राम प्रहरियों का होगा सम्मान, शिक्षक एमएलसी चुनाव में भी साधेंगे निशाना

13 अक्टूबर को प्रस्तावित है मुख्यमंत्री का बरेली दौरा, जनसभा को संबोधित करने के साथ भाजपा के शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी हरि सिंह ढिल्लों के पक्ष में माहौल बनाने की तैयारी

- Advertisement -

बरेली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 13 अक्टूबर को प्रस्तावित बरेली दौरे को लेकर जिले में सियासी और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन से लेकर भाजपा संगठन तक तैयारियों में जुट गया है। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री मंडल के करीब चार हजार ग्राम प्रहरियों (चौकीदारों) को सम्मानित करेंगे। इसके साथ ही वह एक बड़ी जनसभा को भी संबोधित कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को देखते हुए शुक्रवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य ने शहर के कई प्रमुख मैदानों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पुलिस लाइन, मिशन कंपाउंड, बरेली क्लब और बरेली कॉलेज समेत संभावित कार्यक्रम स्थलों का जायजा लिया। सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और भीड़ की व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों ने मौके पर स्थिति देखी।

चार जिलों के 4 हजार प्रहरी होंगे सम्मानित

प्रस्तावित कार्यक्रम में बरेली मंडल के बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर और पीलीभीत जिलों से जुड़े करीब चार हजार ग्राम प्रहरियों को सम्मानित किए जाने की तैयारी है। मुख्यमंत्री के आगमन के साधन के आधार पर कार्यक्रम स्थल में बदलाव की संभावना जताई जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, यदि मुख्यमंत्री विमान से बरेली पहुंचते हैं तो बरेली क्लब में कार्यक्रम आयोजित किए जाने की संभावना है, जबकि हेलिकॉप्टर से आगमन की स्थिति में पुलिस लाइन को कार्यक्रम स्थल बनाया जा सकता है।

शिक्षक एमएलसी चुनाव पर भी रहेगी नजर

मुख्यमंत्री के दौरे का एक बड़ा सियासी पहलू भी माना जा रहा है। प्रस्तावित कार्यक्रम में वह बरेली-मुरादाबाद खंड से भाजपा के शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लों के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित कर सकते हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री की जनसभा को आगामी शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री प्रहरी सम्मान समारोह के बाद सर्किट हाउस पहुंच सकते हैं। यहां लंच के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात का कार्यक्रम भी संभावित बताया जा रहा है। इसके बाद वह जनसभा में पहुंच सकते हैं।

हालांकि प्रशासन और भाजपा संगठन की ओर से अभी मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर आधिकारिक पत्र प्राप्त होने की पुष्टि नहीं की गई है। इसके बावजूद संभावित कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

भाजपा कार्यालय में भी बनी रणनीति

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर भाजपा संगठन भी सक्रिय हो गया है। शुक्रवार देर शाम भाजपा कार्यालय में ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरनलाल लोधी की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें भाजपा जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, आंवला जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम, जनसभा, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और आयोजन की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई।

अधिकारियों ने भी बढ़ाई सक्रियता

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि मुख्यमंत्री के 13 अक्टूबर के प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनजर कुछ स्थलों का निरीक्षण किया गया है। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा ने कहा कि अभी तक कार्यक्रम को लेकर कोई आधिकारिक पत्र प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन मुख्यमंत्री के प्रहरी सम्मान समारोह और शिक्षक सभा में शामिल होने की संभावना है।

एक ही दौरे में सम्मान और सियासी संदेश!

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्रस्तावित बरेली दौरा सिर्फ प्रशासनिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहने वाला है। एक तरफ चार जिलों के हजारों ग्राम प्रहरियों का सम्मान होगा तो दूसरी ओर शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर भाजपा के पक्ष में सियासी माहौल बनाने की कोशिश भी नजर आ रही है। यही वजह है कि मुख्यमंत्री के संभावित दौरे ने बरेली की सियासत का तापमान बढ़ा दिया है।