सीएम योगी का बरेली दौरा: 5100 ग्राम प्रहरियों से संवाद, शिक्षकों को भी साधेंगे; सुरक्षा में 2100 पुलिसकर्मी तैनात
- Advertisement -
सीएम योगी का बरेली दौरा: 5100 ग्राम प्रहरियों से संवाद, शिक्षकों को भी साधेंगे; सुरक्षा में 2100 पुलिसकर्मी तैनात
ग्राम प्रहरियों का मानदेय 2500 से बढ़ाकर 3500 रुपये करने का फैसला; बरेली क्लब में शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो के समर्थन में शिक्षकों से करेंगे बातचीत, सात हजार लाभार्थियों को लाने की तैयारी
- Advertisement -
बरेली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को बरेली पहुंचे। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री बरेली और मुरादाबाद मंडल के नौ जिलों से आए करीब 5100 ग्राम प्रहरियों (चौकीदारों) को संबोधित करेंगे। इस दौरान ग्राम प्रहरियों के मानदेय में की गई बढ़ोतरी की जानकारी भी दी जाएगी। प्रदेश सरकार ने ग्राम प्रहरियों का मासिक मानदेय 2500 रुपये से बढ़ाकर 3500 रुपये कर दिया है। शासनादेश सोमवार को जारी किया गया था। इस फैसले से प्रदेश के करीब 70 हजार ग्राम प्रहरियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर पुलिस लाइन में व्यापक तैयारियां की गई हैं। ग्राम प्रहरियों के बैठने, भोजन और आवागमन की व्यवस्था पुलिस-प्रशासन की ओर से की गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस को सूचनाएं उपलब्ध कराने में ग्राम प्रहरियों की भूमिका को देखते हुए इस कार्यक्रम को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बरेली क्लब में शिक्षकों से करेंगे संवाद
पुलिस लाइन में कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सर्किट हाउस पहुंचने का कार्यक्रम निर्धारित है। यहां करीब एक घंटे विश्राम करने के बाद वह दोपहर दो बजे बरेली क्लब में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां मुख्यमंत्री शिक्षक एमएलसी सीट से भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो के समर्थन में शिक्षकों से संवाद करेंगे।
इस कार्यक्रम को शिक्षक एमएलसी चुनाव के साथ-साथ भाजपा की आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री शिक्षकों से बातचीत कर पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में माहौल बनाने का प्रयास करेंगे। कार्यक्रम में नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य धर्मपाल सिंह, श्रुति गंगवार समेत कई मंत्री, विधायक और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री दोपहर करीब तीन बजे पुलिस लाइन से हेलिकॉप्टर के जरिए लखनऊ के लिए रवाना होंगे।
140 बसों से पहुंचाए जाएंगे सात हजार लाभार्थी
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं के करीब सात हजार लाभार्थियों को शामिल कराने की तैयारी की गई है। इसके लिए प्रशासन ने 140 बसों की व्यवस्था की है। प्रत्येक बस में लगभग 50 लाभार्थियों को कार्यक्रम स्थल तक लाने की योजना बनाई गई है।
जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) कमल किशोर के अनुसार, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को कार्यक्रम में शामिल कराया जाएगा।
प्रशासन की ओर से लाभार्थियों के आवागमन और कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए बैठने, प्रवेश और अन्य व्यवस्थाओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
सुरक्षा में 2100 पुलिसकर्मी और पांच कंपनी पीएसी तैनात
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए बरेली में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस लाइन से लेकर सर्किट हाउस और बरेली क्लब तक सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम और आवागमन के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था रोकने के लिए करीब 2100 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा पांच कंपनी पीएसी भी तैनात की गई हैं।
सुरक्षा व्यवस्था में 10 अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी), 20 क्षेत्राधिकारी (सीओ), 50 इंस्पेक्टर और थाना प्रभारी, 180 उपनिरीक्षक, 1500 हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल तथा 200 महिला कांस्टेबल शामिल हैं।
यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए पांच ट्रैफिक इंस्पेक्टर, 22 ट्रैफिक उपनिरीक्षक और 120 यातायात पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। मुख्यमंत्री के काफिले के गुजरने वाले मार्गों पर यातायात नियंत्रण और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को जिम्मेदारी के साथ काम करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने को कहा है।
आपात स्थिति से निपटने के लिए बनाए गए चार सेफ हाउस
मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट पर रखा गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कार्यक्रम स्थल सहित प्रमुख अस्पतालों में चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। जिला अस्पताल, मिशन अस्पताल और गंगाचरण अस्पताल में सेफ हाउस बनाए गए हैं। कुल चार सेफ हाउस तैयार किए जाने की जानकारी दी गई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. विश्राम सिंह के अनुसार, आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही मुख्यमंत्री के काफिले के साथ सरकारी एंबुलेंस भी रहेंगी।
प्रशासन ने पूरी की तैयारियां
मुख्यमंत्री के दौरे में ग्राम प्रहरियों का सम्मान और संवाद, सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की भागीदारी तथा शिक्षक एमएलसी चुनाव से जुड़े कार्यक्रम प्रमुख आकर्षण रहेंगे। एक ओर ग्राम प्रहरियों के मानदेय में वृद्धि का फैसला चर्चा में है, वहीं दूसरी ओर भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में शिक्षकों से मुख्यमंत्री का संवाद राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की संभावित मौजूदगी को देखते हुए पुलिस, प्रशासन, यातायात और स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट रखा गया है। अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय कर सुरक्षा से लेकर चिकित्सा सुविधाओं तक की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।