बरेली में बारिश का असर: सोमवार को स्कूल-कॉलेज बंद, अधिकारियों की छुट्टियों पर भी रोक

0 14

- Advertisement -

बरेली में बारिश का असर: सोमवार को स्कूल-कॉलेज बंद, अधिकारियों की छुट्टियों पर भी रोक

लगातार बारिश और मौसम विभाग के अलर्ट के बीच डीएम ने जारी किया आदेश, छोटे बच्चों को कार्यक्रमों से दूर रखने के निर्देश

- Advertisement -

बरेली। जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने सोमवार को स्कूल-कॉलेजों में अवकाश घोषित कर दिया है। शुक्रवार से शुरू हुई बारिश का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा। पूरे दिन रुक-रुककर बारिश होने से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति को लेकर प्रशासन सतर्क है।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने खराब मौसम और मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए सोमवार को जिले के स्कूल-कॉलेज बंद रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से यह कदम विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।

रविवार को भी बरेली में दिनभर रिमझिम बारिश होती रही। मौसम में ठंडक बढ़ने के साथ तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। दिन का अधिकतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

गांधी जयंती के कार्यक्रमों में छोटे बच्चों को नहीं बुलाने के निर्देश

लगातार बारिश और मौसम की स्थिति को देखते हुए स्कूलों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर भी प्रशासन ने सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने गांधी जयंती से संबंधित कार्यक्रमों की समीक्षा के दौरान बीएसए और डीआईओएस को निर्देश दिया कि छोटे बच्चों को ऐसे कार्यक्रमों में शामिल न किया जाए।

प्रशासन का कहना है कि बारिश के दौरान बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचाया जाए, ताकि जलभराव या खराब मौसम के कारण किसी तरह की परेशानी न हो।

अधिकारियों-कर्मचारियों की छुट्टियों पर एक सप्ताह की रोक

बारिश के कारण संभावित जलभराव और अन्य आपात परिस्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन ने अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियों पर भी एक सप्ताह के लिए रोक लगा दी है। सामान्य परिस्थितियों में किसी भी प्रकार का अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा।

हालांकि विशेष परिस्थितियों में सक्षम स्तर से अनुमति मिलने के बाद अवकाश दिया जा सकेगा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्यालय पर उपलब्ध रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि जिले के किसी भी हिस्से में अचानक आपात स्थिति उत्पन्न होने पर राहत और बचाव कार्य तत्काल शुरू कराया जा सके।

बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर रोक

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना सूचना और अनुमति के अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा। विशेष परिस्थिति में अवकाश की आवश्यकता होने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी को पहले जिलाधिकारी को इसकी जानकारी देनी होगी।

लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन की नजर जलभराव वाले इलाकों, सड़कों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों पर बनी हुई है। अधिकारियों को स्थानीय स्तर पर स्थिति पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।