उर्स-ए-रज़वी: रेलवे से स्पेशल ट्रेनों और बेहतर सुविधाओं की मांग
- Advertisement -
उर्स-ए-रज़वी: रेलवे से स्पेशल ट्रेनों और बेहतर सुविधाओं की मांग
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
बरेली। 108वें विश्व विख्यात उर्स-ए-रज़वी के आयोजन को लेकर दरगाह आला हज़रत के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को मुरादाबाद मंडल के डीसीएम महेश यादव से मुलाकात कर ज़ायरीन की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष रेल व्यवस्थाएं किए जाने की मांग की।
दरगाह प्रमुख हज़रत मौलाना सुब्हान रज़ा खान (सुब्हानी मियां) और सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां की ओर से शाहिद खान नूरी, परवेज़ नूरी और अजमल नूरी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने डीआरएम के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि 108वां विश्व विख्यात उर्स-ए-रज़वी 6, 7 और 8 अगस्त 2026 को बरेली में आयोजित होगा, जिसमें देशभर से बड़ी संख्या में अकीदतमंद रेल मार्ग के जरिए बरेली पहुंचते हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि उर्स के दौरान बरेली आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न दिशाओं से उर्स स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएं।
साथ ही बरेली से होकर गुजरने वाली सभी अप और डाउन ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जाएं, उर्स स्थल पर अस्थायी टिकट विंडो और ट्रेन समय-सारिणी उपलब्ध कराई जाए तथा बरेली के सभी रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट काउंटर, स्वच्छता, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की जाए। इसके अलावा ट्रेनों और रेलवे परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत रखने की मांग की गई।
दरगाह के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि डीसीएम महेश यादव ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार उर्स के दौरान रेलवे की ओर से बेहतर व्यवस्थाएं कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि दरगाह की ओर से रेल मंत्री को भी पत्र भेजकर उर्स स्पेशल ट्रेनें चलाने तथा ज़ायरीन की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया जा चुका है। इसी संबंध में एक पत्र डीआरएम, इज्जतनगर मंडल को भी प्रेषित किया गया है।