थाना सीबीगंज पुलिस की मुठभेड़ में 2 बदमाश घायल, 20 लाख का तांबा चोरी गैंग पकड़ा, सुरंग बनाकर गोदाम से उड़ाया था माल
- Advertisement -
थाना सीबीगंज पुलिस की मुठभेड़ में 2 बदमाश घायल, 20 लाख का तांबा चोरी गैंग पकड़ा, सुरंग बनाकर गोदाम से उड़ाया था माल
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
*बंडिया नहर के पास चेकिंग में ई-रिक्शा पलटा, फायरिंग के बाद 3 गिरफ्तार, तांबे का तार, तमंचे और नकदी बरामद, SSP ने दी जानकारी*
*बरेली, 05 मई 2026:* परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में हुई 2 टन तांबा चोरी का सीबीगंज पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बुधवार तड़के बंडिया नहर के पास पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीसरे को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पुलिस ने चोरी का तांबा, अवैध असलहे और नगदी बरामद की है।
*सुरंग खोदकर गोदाम से उड़ाया था कॉपर स्क्रैप*
पुलिस के अनुसार, 28 अप्रैल को सिविल लाइन्स निवासी शिवानी जैन की फर्म पद्मावती एसोसिएट्स के गोदाम से करीब 2 टन कॉपर स्क्रैप चोरी हो गया था। बदमाशों ने गोदाम की दीवार के पास जमीन में सुरंग बनाकर अंदर घुसकर माल पार कर दिया था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चोरी हुए माल की कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई थी। घटना के बाद से पुलिस की कई टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी थीं।
*ई-रिक्शा पलटने पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल हुए दो*
SSP अनुराग आर्य ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी का माल बेचने के लिए तीन बदमाश ई-रिक्शा से झुमका तिराहा की ओर आ रहे हैं। पुलिस ने बंडिया नहर के पास चेकिंग बढ़ाई तो संदिग्ध ई-रिक्शा दिखा। पुलिस को देख बदमाश भागने लगे, जिससे रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल हो गए।
*महेशपुर के तीन आरोपी गिरफ्तार, 65 किलो तांबा और असलहे बरामद*
पुलिस ने निजाम, अब्दुल समी और मोहम्मद खालिद को गिरफ्तार किया है। तीनों सीबीगंज थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव के रहने वाले हैं। घायल निजाम और अब्दुल समी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से पद्मावती एसोसिएट्स से चोरी किया गया 65 किलोग्राम तांबे का तार, दो 315 बोर तमंचे, दो खोखा और दो जिंदा कारतूस, 13 हजार रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल ई-रिक्शा बरामद किया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और बचे हुए माल की तलाश कर रही है। आरोपियों पर जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।