बरेली में महिला सुरक्षा अभियान के तहत छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार, अवैध तमंचा-कारतूस बरामद
- Advertisement -
बरेली में महिला सुरक्षा अभियान के तहत छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार, अवैध तमंचा-कारतूस बरामद
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
*चौकी चौराहे पर लड़कियों पर अश्लील टिप्पणी कर रहा था युवक, पुलिस ने कुतुबखाना पार्किंग से दबोचा, पहले भी चोरी में जेल जा चुका है*
बरेली कोतवाली पुलिस ने महिला सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत छेड़छाड़ के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवक के पास से 32 बोर का अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है। आरोपी पहले चोरी के मामले में जेल जा चुका है।
*बरेली कॉलेज गेट पर चेकिंग के दौरान मिली सूचना*
पुलिस के अनुसार, 4 मई को उपनिरीक्षक नीतू तोमर अपनी टीम के साथ बरेली कॉलेज के पश्चिमी गेट पर संदिग्धों की जांच कर रही थीं। इसी दौरान एक व्यक्ति ने बताया कि चौकी चौराहे के पास एक युवक राह चलती महिलाओं और लड़कियों पर अश्लील टिप्पणी कर रहा है।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने युवक को महिलाओं के साथ अभद्रता करते हुए पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम पवित्र तोमर पुत्र संजीव तोमर, निवासी मॉडल विलेज दोहना, थाना भोजीपुरा बताया। पुलिस को देखकर वह भाग निकला। इसके बाद उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
*कुतुबखाना पार्किंग के पास से दबोचा, तमंचा मिला*
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को कुतुबखाना मोटरसाइकिल पार्किंग के पास शौचालय की दीवार के पीछे से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से एक अवैध 32 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह 12वीं तक पढ़ा है और दोस्तों पर रौब जमाने के लिए लड़कियों पर छींटाकशी करता था। पुलिस से बचने के लिए वह आत्मरक्षा के नाम पर तमंचा लेकर घूम रहा था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वह पहले भी थाना बारादरी में चोरी के मामले में जेल जा चुका है।
अब आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की धारा 3/25 भी बढ़ाई गई है। कार्रवाई में उपनिरीक्षक राजीव कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक वैभव गुप्ता और हेड कांस्टेबल उग्रवीर सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।