बरेली: नशे में धुत डॉक्टर की थार ने टेंपो को रौंदा, मरीज की मौत; चालक अस्पताल में भर्ती*
- Advertisement -
बरेली: नशे में धुत डॉक्टर की थार ने टेंपो को रौंदा, मरीज की मौत; चालक अस्पताल में भर्ती*
रिपोर्ट/फिरोज खान
- Advertisement -
*कैंट थाना क्षेत्र के बभिया में हादसा, ग्रामीण बैंक के पास ऑटो को मारी टक्कर; आरोपी डॉक्टर हिरासत में*
*बरेली, 22 अप्रैल 2026:* कैंट थाना क्षेत्र के गांव बभिया में शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार और नशे में थार दौड़ा रहे डॉक्टर ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो में बैठे 60 वर्षीय मरीज ओमकार कश्यप की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि टेंपो चालक अमन कुमार गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को मौके से हिरासत में ले लिया। मेडिकल जांच में उसके नशे में होने की पुष्टि हुई है।
*दवा लेकर लौट रहे किसान की चली गई जान*
जानकारी के मुताबिक, मिर्जापुर गांव निवासी किसान ओमकार कश्यप गांव इचोरी से दवा लेकर टेंपो से घर लौट रहे थे। बभिया में ग्रामीण बैंक के पास फरीदपुर के लौंगपुर निवासी डॉ. तौफीक अंसारी तेज रफ्तार थार लेकर आ रहा था। बेकाबू थार ने सामने से टेंपो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो पलट गया।
हादसे में चनेहटी निवासी टेंपो चालक अमन कुमार और सवारी ओमकार कश्यप गंभीर रूप से घायल हो गए। कैंट पुलिस ने दोनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान ओमकार ने दम तोड़ दिया। मृतक के परिवार में पांच बच्चे हैं।
*ग्रामीणों की सूचना पर पकड़ा गया आरोपी डॉक्टर*
बभिया निवासी टिंकू की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और थार चला रहे डॉ. तौफीक अंसारी को हिरासत में ले लिया। कैंट थाना प्रभारी संजय धीर ने बताया कि आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें वह अत्यधिक नशे में मिला। पुलिस ने थार और क्षतिग्रस्त टेंपो को कब्जे में ले लिया है।
परिजनों ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद पुलिस को तहरीर दी जाएगी। पुलिस ने केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
नशे में गाड़ी चलाने की लापरवाही ने एक किसान की जान ले ली। डॉक्टर जैसे जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति का इस तरह नशे में थार दौड़ाना कई सवाल खड़े करता है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।