उर्स-ए-ताजुश्शरिया और होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर पुलिस कि बड़ी बैठक

0 36

- Advertisement -

उर्स-ए-ताजुश्शरिया और होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर पुलिस कि बड़ी बैठक

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

*एडीजी रमित शर्मा बोले-‘नई परंपरा बर्दाश्त नहीं’, क्राउड मैनेजमेंट से सोशल मीडिया निगरानी तक बना फूलप्रूफ प्लान*

*बरेली 24-25 अप्रैल को होने वाले 8वें उर्स-ए-ताजुश्शरिया और 25, 26, 27 अप्रैल को प्रस्तावित तीन दिवसीय होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर बरेली पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। रविवार को कमिश्नरी सभागार में एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा की अध्यक्षता में हाई-लेवल मीटिंग हुई। बैठक में मंडलायुक्त भूपेंद्र एस चौधरी, डीआईजी अजय साहनी, डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य समेत जिले के तमाम आला अफसर मौजूद रहे।

*दो बड़े आयोजनों पर सुरक्षा का फुलप्रूफ खाका तैयार*
एडीजी रमित शर्मा ने साफ कहा कि उर्स और भर्ती परीक्षा दोनों ही बेहद संवेदनशील आयोजन हैं। एक तरफ उर्स में देशभर से लाखों जायरीन बरेली पहुंचेंगे, वहीं दूसरी तरफ तीन दिन तक चलने वाली होमगार्ड भर्ती परीक्षा में हजारों अभ्यर्थी शामिल होंगे। ऐसे में लॉ-एंड-ऑर्डर बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती है। उन्होंने मातहतों को दो-टूक कहा कि किसी भी आयोजन में कोई नई परंपरा शुरू नहीं होने दी जाएगी। जो व्यवस्था पहले से चली आ रही है, उसी के तहत कार्यक्रम होंगे।

*क्राउड मैनेजमेंट और ट्रैफिक प्लान पर खास जोर*
बैठक में क्राउड मैनेजमेंट सबसे अहम मुद्दा रहा। एडीजी ने निर्देश दिए कि उर्स के दौरान दरगाह आला हजरत, खानकाहे ताजुश्शरिया और जामियातुर्रजा के आसपास भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग, वाच टावर और ड्रोन से निगरानी की जाए। संवेदनशील प्वाइंट चिह्नित कर अतिरिक्त फोर्स तैनात की जाएगी।

होमगार्ड भर्ती परीक्षा के लिए ट्रैफिक प्लान बनाने के निर्देश दिए गए। परीक्षा केंद्रों के बाहर जाम न लगे, इसके लिए रूट डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था पहले से करने को कहा गया। एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान को तीनों दिन का अलग-अलग ट्रैफिक प्लान सौंपने के निर्देश दिए गए।

*सोशल मीडिया पर 24 घंटे नजर, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई*
एडीजी ने साइबर सेल को अलर्ट पर रहने को कहा। उर्स और भर्ती परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की 24 घंटे निगरानी होगी। भ्रामक पोस्ट, अफवाह या आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के व्हाट्सएप ग्रुपों पर नजर रखने और पीस कमेटी की बैठक कराने के निर्देश दिए गए।

*ड्यूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: एडीजी*
रमित शर्मा ने कहा कि ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी-कर्मचारी मुस्तैदी से ड्यूटी करें। ड्यूटी प्वाइंट पर समय से पहुंचें और बिना सूचना के प्वाइंट न छोड़ें। रिजर्व फोर्स को भी तैयार रखा जाए। सीएमओ डॉ विश्राम सिंह को उर्स के दौरान मेडिकल कैंप और एंबुलेंस की व्यवस्था करने को कहा गया।

*कौन-कौन रहा मौजूद*
बैठक में नगर आयुक्त संजीव मौर्य, एसपी सिटी मानुष पारीक, एसपी साउथ अंशिका वर्मा, एसपी नॉर्थ मुकेश मिश्रा, एडीएमई पूर्णिमा सिंह, सीएमओ डॉ विश्राम सिंह, एसपी क्राइम मनीष सोनकर, एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

लगातार दो बड़े आयोजनों को देखते हुए बरेली पुलिस ने कमर कस ली है। उर्स-ए-ताजुश्शरिया में लाखों की भीड़ और होमगार्ड भर्ती में हजारों अभ्यर्थियों की सुरक्षा के लिए जिले को छावनी में तब्दील किया जाएगा। एडीजी ने साफ कर दिया है कि शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।