अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस पर बरेली में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि, 14 से 20 अप्रैल तक चलेगा अग्नि सुरक्षा सप्ताह
- Advertisement -
अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस पर बरेली में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि, 14 से 20 अप्रैल तक चलेगा अग्नि सुरक्षा सप्ताह
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
*1944 में मुंबई हादसे में शहीद हुए 66 जवानों को किया नमन, बरेली में 694 आग की घटनाओं पर पाया काबू*
बरेली अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग द्वारा मंगलवार को जनपद बरेली के सभी 8 अग्निशमन केंद्रों पर अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस मौके पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने वर्ष 1944 में मुंबई के विक्टोरिया बंदरगाह पर लगी भीषण आग को बुझाते समय शहीद हुए 66 अग्निशमन कर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
*क्यों मनाया जाता है अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस?*
14 अप्रैल 1944 को मुंबई के विक्टोरिया बंदरगाह पर ‘फोर्ट स्टीकने’ नामक जहाज में भीषण आग लग गई थी। आग पर काबू पाने के दौरान मुंबई अग्निशमन सेवा और बंदरगाह अग्निशमन सेवा के 66 जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। इन्हीं शहीदों की याद में हर साल 14 अप्रैल को पूरे देश में अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस मनाया जाता है।
*14 से 20 अप्रैल तक अग्नि सुरक्षा सप्ताह*
विभाग की ओर से बताया गया कि 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक अग्नि सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है। इस वर्ष की थीम “सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज – आग की रोकथाम के लिये एक साथ” निर्धारित की गई है। इस दौरान जिले के स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, बाजार और आवासीय क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण, मॉक ड्रिल और फायर ऑडिट आयोजित किए जाएंगे।
*बरेली अग्निशमन विभाग का रिपोर्ट कार्ड*
अग्निशमन विभाग के अनुसार जनपद बरेली में वर्तमान में 8 अग्निशमन केंद्र संचालित हैं। यहां 141 अधिकारी और कर्मचारी “त्राणाय सेवा महे” के संकल्प के साथ आधुनिक वाहनों और उपकरणों से जनता की सेवा में तत्पर हैं।
*2025 में बरेली फायर सर्विस के आंकड़े:*
– कुल 694 अग्निकांड की घटनाओं पर सफलतापूर्वक काबू पाया गया
– 360 लोगों की जान बचाई गई
– लगभग 1 अरब 8 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति को सुरक्षित बचाया गया
– सालभर में 729 मॉक ड्रिल और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए
इसके अलावा वर्ष 2025-26 के दौरान विभिन्न जुलूसों, त्योहारों और वीआईपी-वीवीआईपी कार्यक्रमों में अग्निशमन विभाग ने पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय कर जिले में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई।
*अधिकारियों ने लिया संकल्प*
श्रद्धांजलि सभा में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीदों को नमन करते हुए समाज में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और हर कॉल पर तत्पर रहने का संकल्प दोहराया।