दुबई में दर्दनाक हादसा: बरेली के जीशान की मौत, मदीने में होने वाला निकाह मातम में बदला
- Advertisement -
दुबई में दर्दनाक हादसा: बरेली के जीशान की मौत, मदीने में होने वाला निकाह मातम में बदला
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
सगाई के डेढ़ महीने बाद टूटा सपना, प्रमोशन से पहले आई मौत की खबर; परिवार में पसरा मातम
बरेली/दुबई। उत्तर प्रदेश के बरेली से जुड़ी एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। शहर के कोतवाली क्षेत्र निवासी जीशान अजहरी की दुबई में एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। इस हादसे ने उस परिवार की खुशियों को चंद पलों में मातम में बदल दिया, जहां दो महीने बाद निकाह की तैयारियां चल रही थीं।
मिली जानकारी के अनुसार, जीशान अजहरी दुबई में एक बैंक में कार्यरत थे और अपने काम के सिलसिले में 26 मार्च को कहीं जा रहे थे।
इसी दौरान रास्ते में उनकी कार एक गहरे गड्ढे में जा गिरी, जिससे गंभीर हादसा हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
बताया जा रहा है कि जिस क्षेत्र में हादसा हुआ, वहां हाल के दिनों में तनावपूर्ण हालात और हमलों के कारण कई जगह सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई थीं, जिससे हादसे की आशंका बढ़ गई थी।
निकाह की तैयारियों के बीच पसरा मातम
जीशान की जिंदगी का सबसे खूबसूरत दौर चल रहा था। करीब डेढ़ महीने पहले ही उनकी सगाई हुई थी और परिवार ने सऊदी अरब के मदीना शरीफ में निकाह की तारीख भी तय कर दी थी। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं, लेकिन अचानक आई इस खबर ने सब कुछ खत्म कर दिया।
लड़की पक्ष में भी इस घटना से गहरा सदमा है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल जीशान बरेली के बिहारीपुर इलाके में रहने वाले जान मोहम्मद उर्फ लल्ला के बेटे थे, जिन्हें स्थानीय लोग “लल्ला बिस्कुट वाले” के नाम से जानते हैं। तीन भाइयों में सबसे छोटे जीशान परिवार की उम्मीदों का केंद्र थे।
उनके बड़े भाई शानू और फरहान हैं, जबकि मां हाजरा बेटे के गम में बेसुध हैं। जैसे ही हादसे की खबर मोहल्ले में पहुंची, लोगों की भीड़ घर पर जुटने लगी और हर आंख नम नजर आई।
प्रमोशन की खुशखबरी से पहले आई मौत
परिजनों के मुताबिक, जीशान को जल्द ही बैंक में बड़ी जिम्मेदारी मिलने वाली थी और उनका प्रमोशन तय माना जा रहा था। परिवार को उनके उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद थी, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
इलाके में शोक की लहर जीशान की असमय मौत की खबर फैलते ही पूरे बिहारीपुर और आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई। रिश्तेदारों और परिचितों का तांता लगा हुआ है, हर कोई परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहा है।
यह हादसा न सिर्फ एक परिवार के सपनों को तोड़ गया, बल्कि पूरे शहर को गहरे दुख में डुबो गया है।