बरेली इज्जतनगर रेलवे डिवीजन का धमाकेदार प्रदर्शन, 560 करोड़ की कमाई के साथ देश में बनाई टॉप-10 में जगह
- Advertisement -
बरेली इज्जतनगर रेलवे डिवीजन का धमाकेदार प्रदर्शन, 560 करोड़ की कमाई के साथ देश में बनाई टॉप-10 में जगह
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
यात्री सुविधाओं, सुरक्षा और डिजिटल सिस्टम में बड़ा बदलाव—LHB कोच, QR टिकटिंग और 69 मिलियन यात्रियों का रिकॉर्ड
बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए देशभर में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के नेतृत्व में डिवीजन ने अखिल भारतीय रैंकिंग में 9वां स्थान हासिल कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है, जो 2019 के बाद सबसे बेहतर प्रदर्शन माना जा रहा है।
डिवीजन ने इस साल ₹560.19 करोड़ का राजस्व अर्जित किया, जिसमें यात्री आय ₹365.46 करोड़ रही। खास बात यह रही कि 69 मिलियन यात्रियों ने रेलवे सेवाओं का लाभ उठाया, जो पिछले साल से 5% ज्यादा है। वहीं टिकट चेकिंग से ₹20.03 करोड़ की वसूली कर रेलवे ने नया रिकॉर्ड बनाया।
यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए 4 प्रमुख ट्रेनों में LHB कोच लगाए गए हैं, जिससे सफर और सुरक्षित हो गया है। साथ ही सभी स्टेशनों पर QR कोड आधारित UPI पेमेंट और ‘UTS ऑन मोबाइल’ जैसी डिजिटल सुविधाओं ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है।
माल ढुलाई में भी जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। 952 रेक लोडिंग के जरिए ₹161.66 करोड़ की आय हुई, जबकि पार्सल सेवा से ₹5.08 करोड़ की कमाई हुई। गैर-किराया राजस्व में भी 44% की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी इज्जतनगर मंडल आगे रहा। 1.94 लाख पौधे लगाए गए, जल पुनर्चक्रण प्लांट स्थापित किए गए और सौर ऊर्जा संयंत्र शुरू किए गए। इसके लिए डिवीजन को ‘ग्लोबल वाटर अवॉर्ड 2026’ से सम्मानित किया गया।
रेलवे प्रशासन का दावा है कि आने वाले समय में और अधिक ट्रेनों की संख्या बढ़ाने, सुविधाएं बेहतर करने और सुरक्षा को मजबूत करने पर विशेष फोकस रहेगा।