आला हजरत हॉस्पिटल में आयुष्मान और ICU में खेल, CMO की छापेमारी में खुली पोल

0 52

- Advertisement -

आला हजरत हॉस्पिटल में आयुष्मान और ICU में खेल, CMO की छापेमारी में खुली पोल

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

अल हिंद अस्पताल बिना पंजीकरण दूसरी जगह चलता मिला, तीन अस्पतालों को नोटिस; स्वास्थ्य विभाग सख्त

बरेली: शहर की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. विश्राम सिंह की टीम ने गुरुवार को औचक निरीक्षण में बड़ा खुलासा किया। जांच के दौरान आला हजरत हॉस्पिटल एंड सर्जिकल सेंटर में आयुष्मान भारत योजना और ICU भर्ती को लेकर चौंकाने वाली अनियमितताएं सामने आईं, जिससे सरकारी योजनाओं में गड़बड़ी की आशंका गहरा गई है।

निरीक्षण में पाया गया कि अस्पताल में एक ऐसे मरीज को आयुष्मान योजना के तहत ICU में भर्ती दिखाया गया, जिसकी हालत गंभीर नहीं थी। इससे साफ संकेत मिला कि योजना का दुरुपयोग कर बिल बढ़ाने का खेल किया जा रहा है। इस खुलासे के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल प्रबंधन को कड़ी फटकार लगाते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

इतना ही नहीं, आला हजरत हॉस्पिटल में साफ-सफाई की स्थिति भी बेहद खराब पाई गई। बायोमेडिकल वेस्ट का सही निस्तारण और सेग्रिगेशन नहीं होने से संक्रमण फैलने का खतरा भी सामने आया है। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए विभाग ने सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं।

वहीं, अल हिंद अस्पताल भी नियमों की अनदेखी करते हुए बिना वैध पंजीकरण के नई जगह संचालित होता मिला। अस्पताल संचालक डॉ. मोईन से जवाब मांगा गया, लेकिन वह संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दे सके। इस पर तत्काल नोटिस जारी कर दिया गया।

सीएमओ टीम ने आयुष्मान योजना के तहत भर्ती मरीजों से भी बातचीत की और मौके पर उनकी समस्याओं का समाधान कराया।

स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि अस्पतालों के जवाब संतोषजनक नहीं मिले, तो लाइसेंस निरस्तीकरण समेत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।