फ्यूचर विश्वविद्यालय, बरेली में 54वीं राष्ट्रीय सीनियर महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
- Advertisement -
- Advertisement -
फ्यूचर विश्वविद्यालय, बरेली में 54वीं राष्ट्रीय सीनियर महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
रिपोर्ट/आसिफ अली
नाथ नगरी बरेली में 54वीं राष्ट्रीय सीनियर महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ फ्यूचर विश्वविद्यालय परिसर में जिलाधिकारी अविनाश सिंह एवं कैंट विधायक संजीव अग्रवाल द्वारा किया गया। उद्घाटन समारोह उत्साह, गरिमा एवं खेल भावना से ओतप्रोत रहा।
मुख्य अतिथियों ने प्रतीकात्मक रूप से हैंडबॉल को गोलपोस्ट में डालकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया तथा विभिन्न राज्यों से आई टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने खेलों को शारीरिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास एवं टीम भावना के विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया, वहीं विधायक ने ऐसे आयोजनों को शहर के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए स्थानीय खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक कहा।
जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. आशीष गुप्ता ने बताया कि बरेली में राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिताओं का यह तीसरा सफल आयोजन है, जिससे शहर ने राष्ट्रीय खेल आयोजनों की ‘हैट्रिक’ पूरी की है।
30 मार्च से 3 अप्रैल तक आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 27 टीमें भाग ले रही हैं। खिलाड़ियों एवं दर्शकों के लिए आवास, भोजन, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाएं उच्च स्तर पर सुनिश्चित की गई हैं।
यह आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करेगा, बल्कि महिला सशक्तिकरण को भी सशक्त संदेश देगा और बरेली को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगा।

