बरेली में युवक से मारपीट कर जबरन लगवाए धार्मिक नारे, वीडियो वायरल होते ही मुख्य आरोपी गिरफ्तार

0 46

- Advertisement -

बरेली में युवक से मारपीट कर जबरन लगवाए धार्मिक नारे, वीडियो वायरल होते ही मुख्य आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्ट /आसिफ अली

- Advertisement -

हिंदू लड़की से पहचान को लेकर बनाया निशाना, पुलिस ने मोबाइल जब्त कर शुरू की गहन जांच

बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक युवक के साथ मारपीट कर उससे जबरन धार्मिक नारे लगवाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी ऋषभ ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने एक मुस्लिम युवक को सार्वजनिक स्थान पर रोककर उसके साथ अभद्रता की और कथित रूप से मारपीट की। इस दौरान उसे अपमानित करते हुए धार्मिक नारे लगाने के लिए मजबूर किया गया। मौके पर मौजूद कुछ युवकों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।

पहचान के विवाद से शुरू हुआ मामला
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पीड़ित युवक को इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि उसकी पहचान एक स्थानीय हिंदू लड़की से थी। बताया जा रहा है कि दोनों परिचित थे और उसी को लेकर विवाद खड़ा हुआ।

छात्रा के पिता ने दर्ज कराई शिकायत
मामले में छात्रा के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उनकी बेटी युवक के साथ उनकी अनुमति से गई थी, लेकिन आरोपियों ने न सिर्फ युवक से मारपीट की बल्कि उनकी बेटी के साथ भी अभद्र व्यवहार किया। पुलिस ने पीड़ित युवक के बयान को भी केस में शामिल कर लिया है।

कैंट थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई
वीडियो वायरल होने के बाद कैंट थाना पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए आरोपी ऋषभ ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए आरोपी और उसके साथियों के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं, ताकि किसी आर्थिक लेनदेन या साजिश के पहलुओं की भी जांच की जा सके।

पहले भी विवादों में रहा है आरोपी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पहले से ही जिला बदर घोषित है और उसके खिलाफ विभिन्न मामलों में शिकायतें दर्ज रही हैं। ऐसे में पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाल रही है।

शांति व्यवस्था को लेकर पुलिस सतर्क
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।