बरेली में 12वीं के छात्र की चाकू मारकर हत्या, दोस्तों पर शक; घर से बुलाकर ले जाने के बाद वारदात
- Advertisement -
बरेली में 12वीं के छात्र की चाकू मारकर हत्या, दोस्तों पर शक; घर से बुलाकर ले जाने के बाद वारदात
इज्जतनगर के अशोक विहार में घटना, तीन वार से घायल छात्र ने अस्पताल में तोड़ा दम; पुलिस जांच में जुटी
- Advertisement -
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में 12वीं कक्षा के छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में मृतक के दोस्तों पर ही वारदात को अंजाम देने का आरोप लगा है। पुलिस ने पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, इज्जतनगर इलाके के अशोक विहार निवासी शिवा पटेल (17) शुक्रवार रात अपने घर पर था। परिजनों के मुताबिक, देर रात उसके कुछ दोस्त उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गए। आरोप है कि चार खम्भा स्थित एक स्कूल के पास शिवा पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल शिवा को परिजन आनन-फानन में एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
मृतक के पिता हिमांशु पटेल ने पुलिस को दी तहरीर में बेटे के दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इज्जतनगर थाना प्रभारी ने बताया कि छात्र के शरीर पर चाकू के तीन गहरे घाव मिले हैं। प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि असली वजह आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
घटना के बाद से मृतक की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। शिवा अपने भाइयों में दूसरे नंबर पर था और पढ़ाई के साथ-साथ परिवार की आर्थिक मदद के लिए पिता के साथ ई-रिक्शा भी चलाता था।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।