बरेली पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल से मचा हड़कंप; पुलिस ने खाली कराया परिसर
- Advertisement -
बरेली पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल से मचा हड़कंप; पुलिस ने खाली कराया परिसर
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
प्रदर्शनी नगर स्थित ऑफिस में सुबह 11:15 बजे आया धमकी भरा मेल, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते की सघन जांच जारी
बरेली।शहर के प्रदर्शनी नगर स्थित पासपोर्ट कार्यालय में शुक्रवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब संस्थान को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी कार्यालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर करीब 11:15 बजे भेजे गए एक संदिग्ध मेल के जरिए दी गई। ईमेल पढ़ते ही अधिकारियों में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस प्रशासन को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। एहतियातन पूरे पासपोर्ट कार्यालय परिसर को तत्काल खाली करा लिया गया। मौके पर बम निरोधक दस्ता (BDS) और डॉग स्क्वायड को बुलाकर बिल्डिंग के हर हिस्से की बारीकी से जांच की जा रही है।
अचानक हुई इस कार्रवाई से पासपोर्ट बनवाने पहुंचे आवेदकों और कर्मचारियों में दहशत का माहौल बन गया। कई लोग बिना काम कराए ही बाहर निकल आए, जबकि सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे क्षेत्र को घेरकर किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए सख्त इंतजाम किए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमकी भरे ईमेल के सोर्स का पता लगाया जा रहा है। साइबर टीम को भी जांच में लगाया गया है, ताकि मेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल जांच जारी है और अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।