बरेली में युवती से छेड़छाड़ करने वाला ऑटो चालक गिरफ्तार, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद

0 54

- Advertisement -

बरेली में युवती से छेड़छाड़ करने वाला ऑटो चालक गिरफ्तार, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

बरेली में युवती से छेड़छाड़ के मामले में फरार चल रहे एक ऑटो चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ के साथ-साथ आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, 9 मार्च को थाना बारादरी क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी बेटी के साथ छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि सुरेश शर्मा नगर और बजरंग ढाबे के बीच ऑटो में अकेली बैठी उसकी बेटी के साथ चालक ने अशोभनीय हरकत की थी। पीड़िता ने ऑटो का नंबर यूपी-25 एफटी 8922 पुलिस को बताया था, जिसके आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को 11 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी इलाके में देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने शहदाना मजार के पीछे नागपंचमी मेला ग्राउंड जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी कर दी। इसी दौरान सूर्या नगर सैनिक कॉलोनी निवासी विशाल नाम के ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने जब आरोपी की तलाशी ली तो उसके पास से एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने रिश्तेदार का ऑटो किराए पर चलाता है और शराब पीने का आदी है। घटना वाले दिन भी उसने शराब पी रखी थी और नशे की हालत में उसने युवती के साथ गलत हरकत की थी।

घटना के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश कर रही थी और गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार छिपता फिर रहा था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर लिए हैं और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।