इश्क का दर्द और 32 मिनट का वीडियो… फिर फंदे से लटका मिला धोपेश्वरनाथ मंदिर का सेवादार
- Advertisement -
इश्क का दर्द और 32 मिनट का वीडियो… फिर फंदे से लटका मिला धोपेश्वरनाथ मंदिर का सेवादार
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
Bareilly News: बरेली के कैंट थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध धोपेश्वरनाथ मंदिर में सेवादार के रूप में काम करने वाले एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले युवक ने करीब 32 मिनट 34 सेकंड का वीडियो रिकॉर्ड कर यूट्यूब पर अपलोड किया, जिसमें उसने अपनी प्रेमिका के परिवार, अपने परिजनों और पुलिस पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मरने से पहले बनाया वीडियो मृतक की पहचान विजय राठौर के रूप में हुई है, जो धोपेश्वरनाथ मंदिर में सेवादार था। बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पहले उसने एक लंबा वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया। वीडियो में विजय ने कहा कि वह काफी समय से मानसिक तनाव में था और कई रातों से ठीक से सो नहीं पा रहा था।
उसने आरोप लगाया कि एक युवती के परिवार और उसके अपने परिजनों ने उसे लगातार प्रताड़ित किया। विजय ने यह भी दावा किया कि उसके खिलाफ झूठी शिकायत कराई गई और पुलिस ने भी मामले में पैसे लेकर कार्रवाई की। उसने कहा कि वह खुद को निर्दोष मानता है, लेकिन उसकी बात सुनने वाला कोई नहीं था।
दो साल पहले मंदिर में हुई थी मुलाकात
वीडियो में विजय ने बताया कि करीब दो साल पहले उसकी मुलाकात एक युवती से धोपेश्वरनाथ मंदिर में हुई थी। इसके बाद दोनों की बातचीत इंस्टाग्राम के जरिए शुरू हुई और धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं।
विजय के मुताबिक उसने युवती को प्रपोज किया था और दोनों के बीच सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन महाशिवरात्रि से पहले किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद युवती ने करीब एक महीने तक उससे बातचीत बंद कर दी और बाद में संदेश भेजकर संबंध खत्म करने की बात कही।
एसएसपी से न्याय की लगाई गुहार
वीडियो में विजय कई बार भावुक होता दिखाई देता है। उसने कहा कि वह इस वीडियो को बरेली के एसएसपी तक पहुंचाना चाहता है। विजय ने कहा कि उसने सुना है कि एसएसपी एक अच्छे अधिकारी हैं और उसे उम्मीद है कि उसकी मौत के बाद उसे न्याय मिलेगा।
पुलिस ने शुरू की जांच घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि युवक द्वारा बनाए गए वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।