शाहजहांपुर में चाइनीज मांझे का कहर: बाइक सवार की गर्दन कटी, एक दर्जन से अधिक टांके लगे, बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती

0 21

- Advertisement -

शाहजहांपुर में चाइनीज मांझे का कहर: बाइक सवार की गर्दन कटी, एक दर्जन से अधिक टांके लगे, बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती

रिपोर्ट /आसिफ अली

- Advertisement -

शाहजहांपुर/बरेली:उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में चाइनीज मांझे की वजह से एक बड़ा हादसा सामने आया है। होली मिलकर अपने घर लौट रहे एक बाइक सवार की गर्दन में अचानक चाइनीज मांझा फंस गया, जिससे उसकी गर्दन बुरी तरह कट गई।

गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गर्दन पर एक दर्जन से अधिक टांके लगाए। फिलहाल घायल का इलाज बरेली के पीलीभीत बायपास रोड स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार घायल की पहचान बाजपुर कुमिरखा निवासी 40 वर्षीय राम लड़ैते के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राम लड़ैते अपने एक साथी के साथ तिलहर थाना क्षेत्र में रिश्तेदार के घर होली मिलने गए थे।

शुक्रवार शाम दोनों बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान कटरा थाना क्षेत्र में सरयू के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क के ऊपर फैले चाइनीज मांझे की चपेट में राम लड़ैते आ गए। तेज धार वाले मांझे ने उनकी गर्दन को बुरी तरह काट दिया।

हालांकि उस समय बाइक की गति कम थी, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया।

गर्दन से खून बहता देख राम लड़ैते ने तुरंत बाइक रोक दी। पीछे बैठे साथी ने आसपास के लोगों को आवाज दी। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तुरंत कपड़ा बांधकर खून रोकने की कोशिश की और उन्हें पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया।

सीएचसी में प्राथमिक उपचार देने के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें बरेली के पीलीभीत बायपास रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उनकी गर्दन पर एक दर्जन से अधिक टांके लगाए। डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और इलाज जारी है।

गौरतलब है कि चाइनीज मांझे की वजह से पहले भी कई गंभीर हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद बाजार में इसकी बिक्री पर पूरी तरह रोक नहीं लग पा रही है। प्रशासन की ओर से समय-समय पर कार्रवाई की जाती है, लेकिन कुछ समय बाद स्थिति फिर पहले जैसी हो जाती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से चाइनीज मांझे की बिक्री पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।