सोनू निगम का बरेली मे मेगा शो पड़ोसी जिलों से पहुंचे हजारों प्रशंसक, शहर की सांस्कृतिक पहचान को मिली नई चमक
- Advertisement -
सोनू निगम का बरेली मे मेगा शो पड़ोसी जिलों से पहुंचे हजारों प्रशंसक, शहर की सांस्कृतिक पहचान को मिली नई चमक
रिपोर्ट /आसिफ अली
- Advertisement -
बरेली। शहर के संगीत प्रेमियों के लिए शनिवार की शाम यादगार बन गई, जब सुरों के जादूगर सोनू निगम ने परसाखेड़ा स्थित बीएल एग्रो स्टेडियम में लाइव परफॉर्मेंस दी।
लंबे इंतजार के बाद आयोजित इस मेगा कॉन्सर्ट ने पूरे शहर को संगीत के रंग में रंग दिया। स्टेडियम दूधिया रोशनी से जगमगा उठा और हजारों दर्शकों की तालियों की गूंज देर रात तक सुनाई देती रही।
कार्यक्रम शुरू होते ही दर्शकों ने खड़े होकर अपने पसंदीदा गायक का स्वागत किया।
जैसे ही सोनू निगम मंच पर पहुंचे, पूरा परिसर ‘सोनू-सोनू’ के नारों से गूंज उठा। उन्होंने अपने लोकप्रिय रोमांटिक और सूफियाना गीतों से माहौल को भावुक और ऊर्जावान बना दिया। युवाओं से लेकर परिवारों और बुजुर्गों तक, हर वर्ग के लोग उनकी मखमली आवाज का लाइव अनुभव लेने पहुंचे थे।
कड़कड़ाती ठंड के बावजूद दर्शकों का उत्साह कम नहीं हुआ। लाइव कॉन्सर्ट की झलकियां सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से साझा की गईं, जिससे यह आयोजन डिजिटल दुनिया में भी चर्चा का विषय बन गया।
ट्रैफिक डायवर्जन और सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मेगा शो में बदायूं, शाहजहांपुर, पीलीभीत और रामपुर समेत आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में संगीत प्रेमी पहुंचे। स्टेडियम के बाहर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और निजी सुरक्षा एजेंसियों को तैनात किया गया था। पार्किंग और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए विशेष रूट डायवर्जन लागू किया गया।
आयोजकों ने हाईटेक साउंड सिस्टम और आकर्षक स्टेज डिजाइन के माध्यम से दर्शकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव देने का प्रयास किया।
स्थानीय कारोबार को मिला बढ़ावा
इस भव्य आयोजन का असर शहर की अर्थव्यवस्था पर भी देखने को मिला। होटल, गेस्ट हाउस और रेस्टोरेंट्स में भीड़ बढ़ी, जिससे व्यापारियों के चेहरे खिले नजर आए।
बरेली में आयोजित यह कॉन्सर्ट न केवल मनोरंजन का बड़ा मंच बना, बल्कि शहर की सांस्कृतिक सक्रियता और आयोजन क्षमता को भी नई पहचान दे गया।