बरेली नगर निगम द्वारा किराया दोगुना करने पर बवाल, दर्जनों व्यापारी धरने पर; उमेश गौतम कार्यालय से बाहर निकलकर रवाना
- Advertisement -
बरेली नगर निगम द्वारा किराया दोगुना करने पर बवाल, दर्जनों व्यापारी धरने पर; उमेश गौतम कार्यालय से बाहर निकलकर रवाना
रिपोर्ट /आसिफ अली
- Advertisement -
बरेली। नगर निगम द्वारा दुकानों का मासिक किराया ₹700 से बढ़ाकर ₹1400 किए जाने के फैसले के विरोध में शहर के दर्जनों व्यापारी उग्र हो गए। नाराज व्यापारियों ने नगर निगम परिसर में महापौर कार्यालय के बाहर धरना शुरू कर दिया और किराया वृद्धि को तत्काल वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों का कहना है कि पहले ही बाजार में मंदी और बढ़ती महंगाई के चलते कारोबार प्रभावित है। ऐसे में किराया दोगुना करना छोटे दुकानदारों पर सीधा आर्थिक प्रहार है। उनका आरोप है कि बिना व्यापारी संगठनों से चर्चा किए यह निर्णय लिया गया, जो पूरी तरह अनुचित है। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि यदि फैसला वापस नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
धरने के दौरान नगर निगम परिसर में काफी संख्या में व्यापारी जुटे रहे। इसी बीच जब प्रतिनिधिमंडल महापौर से मुलाकात कर वार्ता की मांग कर रहा था, तो बताया गया कि महापौर उमेश गौतम कार्यालय से बाहर निकलकर अपनी गाड़ी में बैठकर रवाना हो गए।
इससे व्यापारियों में नाराजगी और बढ़ गई। उनका कहना था कि जनप्रतिनिधियों को संवाद से बचने के बजाय सामने आकर समस्या का समाधान करना चाहिए।
मौके पर नगर निगम के अधिकारी और पुलिस बल तैनात रहे तथा स्थिति पर नजर बनाए रखी। फिलहाल कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई है। व्यापारी नेताओं ने प्रशासन से जल्द बैठक बुलाकर किराया वृद्धि के आदेश पर पुनर्विचार करने की मांग की है।
नगर निगम की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।