फर्जी शपथपत्र बनाकर केस खत्म कराने की साजिश, नासिर सिद्दीकी समेत आठ आरोपियों ने न्यायालय को गुमराह किया
- Advertisement -
फर्जी शपथपत्र बनाकर केस खत्म कराने की साजिश, नासिर सिद्दीकी समेत आठ आरोपी कटघरे में
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
पीड़ित दूल्हा मियां ने एसएसपी बरेली से लगाई न्याय की गुहार, आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
बरेली। थाना इज्जतनगर क्षेत्र से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जहां महलुआ निवासी दूल्हा मियां ने आरोप लगाया है कि अभियुक्तों ने साजिश के तहत फर्जी शपथपत्र तैयार कराकर एक संगीन आपराधिक मुकदमे की कार्यवाही अवैध तरीके से समाप्त करा दी।
पीड़ित ने इस मामले में एसएसपी बरेली से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित दूल्हा मियां के अनुसार, न्यायालय के आदेश पर वर्ष 2022 में अपराध संख्या 75/2022 के तहत मुख्य आरोपी नासिर सिद्दीकी समेत कुल आठ लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
इस मुकदमे में धारा 420, 467, 468 और 471 आईपीसी के तहत केस दर्ज हुआ था, जो धोखाधड़ी, कूट रचना और जालसाजी जैसे गंभीर अपराधों से संबंधित है।
पीड़ित का कहना है कि मुख्य आरोपी नासिर सिद्दीकी, जो थाना इज्जतनगर का नामजद हिस्ट्रीशीटर है और जिसके खिलाफ हिस्ट्रीशीट संख्या 44ए दर्ज है, उसने अन्य सात आरोपियों के साथ मिलकर पूरे मामले को दबाने की साजिश रची।
फर्जी शपथपत्र तैयार कराकर किया गया खेल
शिकायत में बताया गया है कि अभियुक्तों ने दूल्हा मियां के नाम पर एक फर्जी शपथपत्र तैयार कराया, जिसमें न तो पीड़ित का फोटो लगाया गया और न ही किसी अधिवक्ता द्वारा हस्ताक्षर की पहचान कराई गई।
इतना ही नहीं, पीड़ित का आरोप है कि शपथपत्र पर किए गए हस्ताक्षर भी उसके नहीं हैं, बल्कि जाली तरीके से तैयार किए गए हैं। आरोपियों ने नोटरी से तस्दीक कराकर इस फर्जी शपथपत्र को वैध दस्तावेज की तरह इस्तेमाल किया।
समझौते का झूठा हवाला देकर मुकदमा खत्म कराने की कोशिश दूल्हा मियां का आरोप है कि नासिर सिद्दीकी समेत सभी आठ आरोपियों ने आपसी मिलीभगत से पुलिस के कुछ लोगों के साथ सांठगांठ कर ली और फर्जी शपथपत्र के आधार पर अदालत में समझौते का हवाला देते हुए प्रार्थना पत्र दाखिल कर दिया।
इसके बाद पुलिस द्वारा मुकदमे में अंतिम आख्या (Final Report) तैयार कराकर उसे मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट बरेली की अदालत में भेज दिया गया, जिससे मुकदमे की कार्यवाही खत्म कराने की कोशिश की गई।
पीड़ित ने दर्ज कराई आपत्ति मामले की जानकारी मिलते ही पीड़ित दूल्हा मियां ने अदालत में अंतिम आख्या के खिलाफ आपत्ति दर्ज कराई और अब एसएसपी बरेली से मांग की है.
कि मुख्य आरोपी नासिर सिद्दीकी और अन्य सात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, कूट रचना, फर्जी शपथपत्र तैयार करने और न्याय प्रक्रिया को प्रभावित करने जैसी गंभीर धाराओं में तत्काल कार्रवाई की जाए।
एसएसपी से की गई सख्त कार्रवाई की मांग
पीड़ित ने कहा है कि इस पूरे प्रकरण में फर्जी दस्तावेज तैयार कर मुकदमे को खत्म कराने की साजिश की गई है, जो न्याय व्यवस्था पर सीधा हमला है।
ऐसे में कुख्यात नासिर सिद्दीकी समेत सभी आठ आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
अब देखना होगा कि एसएसपी बरेली इस गंभीर आरोपों वाले मामले में आगे क्या कदम उठाते हैं और पीड़ित दूल्हा मियां को न्याय मिल पाता है या नहीं।