कैफे बवाल मामला: मुख्य आरोपी ऋषभ ठाकुर जिला बदर, 6 माह तक बरेली में एंट्री बैन

0 49

- Advertisement -

कैफे बवाल मामला: मुख्य आरोपी ऋषभ ठाकुर जिला बदर, 6 माह तक बरेली में एंट्री बैन

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

बरेली। राजेंद्रनगर स्थित एक कैफे में नर्सिंग छात्रा की बर्थडे पार्टी के दौरान हुए बवाल के मुख्य आरोपी ऋषभ ठाकुर के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। सुभाषनगर थाना पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी को हिरासत में लेकर बरेली जिले की सीमा से बाहर भेज दिया। पुलिस टीम उसे सरकारी वाहन से बदायूं बॉर्डर तक छोड़कर आई।

यह मामला 28 दिसंबर का है, जब प्रेमनगर क्षेत्र के ‘दि डेन कैफे’ में एक नर्सिंग छात्रा अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन मना रही थी। आरोप है कि ऋषभ ठाकुर 20–25 साथियों के साथ कैफे पहुंचा और खुद को एक संगठन का पदाधिकारी बताते हुए वहां जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की। इस दौरान कैफे संचालक और वहां मौजूद युवकों के साथ मारपीट की गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

घटना के बाद से फरार चल रहे ऋषभ ठाकुर ने पिछले महीने कोर्ट में सरेंडर किया था। जमानत पर रिहा होने के बाद पुलिस ने उसकी आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए जिला बदर की कार्रवाई की फाइल तैयार की।

SP सिटी मानुष पारिक ने बताया कि आरोपी को आगामी छह महीने तक बरेली जिले की सीमा में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी। यदि इस अवधि में वह जिले में पाया गया, तो उसके खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा।