मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में मण्डलीय समीक्षा बैठक, स्वास्थ्य, सड़क और विकास कार्यों पर दिए अहम निर्देश
- Advertisement -
मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में मण्डलीय समीक्षा बैठक, स्वास्थ्य, सड़क और विकास कार्यों पर दिए अहम निर्देश
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
बरेली, मण्डलायुक्त भूपेन्द्र चौधरी की अध्यक्षता में मंगलवार को विकास भवन सभागार में मण्डलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, निर्माण, सड़क सुरक्षा, रोजगार और कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की समीक्षा में बरेली को प्रथम स्थान मिलने पर संतोष व्यक्त किया गया, जबकि कृषि विभाग से संबंधित फार्मर रजिस्ट्री की धीमी प्रगति पर नाराजगी जाहिर की गई। अधिकारियों ने भुगतान संबंधी समस्याओं की जानकारी दी, जिस पर संयुक्त कृषि निदेशक को तीन दिन के भीतर सभी कर्मियों के खातों में भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
पूर्व दशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति की समीक्षा में बताया गया कि 9 फरवरी तक जिन विद्यालयों में डाटा लंबित है, उसे निस्तारित कर लाभार्थियों के खातों में छात्रवृत्ति भेजी जाएगी।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा में मंडल स्तर पर ट्रॉमा सेंटर और क्रिटिकल कॉरिडोर के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। बरेली में 10, बदायूं में 8, पीलीभीत में 10 और शाहजहांपुर में 8 यूनिट प्रस्तावित हैं। प्रत्येक जनपद में कम से कम एक ऑर्थोपेडिक सर्जन की तैनाती तथा ब्लैक स्पॉट के पास एएलएस युक्त एंबुलेंस की व्यवस्था के निर्देश दिए गए।
एमबीबीएस डॉक्टरों की संविदा नियुक्ति, टीबी उन्मूलन कार्यक्रम, सिजेरियन प्रसव केंद्रों और प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की भी समीक्षा की गई। 70 वर्ष से अधिक आयु के पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनाने में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
300 बैडेड अस्पताल को पीपीपी मॉडल पर संचालित करने के संबंध में 10 फरवरी को पुनः विस्तृत बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर, नेत्र ज्योति अभियान, एंबुलेंस सेवाओं और टीकाकरण सत्रों की भी समीक्षा हुई।
बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की समीक्षा में आंगनबाड़ी केंद्रों पर उपकरणों की कमी का मुद्दा सामने आया। अधिकारियों ने शीघ्र उपकरण उपलब्ध कराने और प्रशिक्षण आयोजित करने की बात कही। प्रशिक्षण अगले माह की 15 तारीख तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा में गौशालाओं, सैटेलाइट बस स्टेशन, इज्जतनगर बस स्टैंड, सेतु निर्माण, विद्यालयों और महाविद्यालयों के कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई। इज्जतनगर बस स्टैंड का कार्य मई 2026 तक पूर्ण करने की जानकारी दी गई।
बदायूं से दातागंज मार्ग की खराब स्थिति पर संज्ञान लेते हुए गड्ढे भरवाने और सभी प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त संख्या में साइनेज लगाने के निर्देश दिए गए, जिससे सड़क दुर्घटनाओं से बचाव हो सके।
कर करेत्तर, आईजीआरएस और जनसुनवाई की समीक्षा में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि निर्धारित समय में जनसुनवाई अनिवार्य रूप से की जाए और उस अवधि में कोई बैठक न रखी जाए।
बैठक में बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर के जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित मंडल स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।