रील्स बनाते समय दर्दनाक हादसा: रिछोला के फैजान की मौत, निर्माणाधीन हाईवे बना काल

0 40

- Advertisement -

रील्स बनाते समय दर्दनाक हादसा: रिछोला के फैजान की मौत, निर्माणाधीन हाईवे बना काल

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

नवाबगंज के बिजोरिया रोड पर दोस्तों संग वीडियो शूट के दौरान गिरा पत्थर, मौके पर ही गई जान

बरेली। रील्स और सोशल मीडिया वीडियो बनाने का शौक एक परिवार के लिए जिंदगी भर का गम बन गया। रिछोला निवासी फैजान की नवाबगंज क्षेत्र में दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब फैजान अपने दोस्तों के साथ नवाबगंज के बिजोरिया रोड पर बन रहे निर्माणाधीन हाईवे पर वीडियो बनाने गया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फैजान और उसके दोस्त हाईवे निर्माण स्थल पर रील शूट कर रहे थे।

इसी दौरान ऊपर से अचानक भारी पत्थर गिर पड़े, जिनमें से एक पत्थर सीधे फैजान के ऊपर आ गिरा। सिर और शरीर में गंभीर चोट लगने के कारण फैजान की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना अचानक था कि साथ मौजूद दोस्त कुछ समझ पाते, उससे पहले ही सब कुछ खत्म हो चुका था।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और निर्माणाधीन हाईवे पर सुरक्षा इंतजामों की भी पड़ताल की जा रही है।

मृतक फैजान रिछोला मजार के सामने “SRK” नाम से हेयर सैलून चलाता था। वह अपने मिलनसार स्वभाव और मेहनत के लिए इलाके में जाना जाता था। फैजान की असमय मौत से पूरे मोहल्ले में शोक की लहर है।

हादसे की खबर मिलते ही फैजान के घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता हाजी मेहदी हसन (सुल्तानपुर वाले) अपने बेटे की मौत से पूरी तरह टूट चुके हैं। परिजनों ने प्रशासन से निर्माण स्थल पर लापरवाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

यह हादसा एक बार फिर सवाल खड़ा करता है कि निर्माणाधीन स्थलों पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी आखिर कब तक जानलेवा साबित होती रहेगी।