डिप्टी सीएमओ ने किया आरोग्य मेले का निरीक्षण, व्यवस्थाओं पर जताया संतोष

0 51

- Advertisement -

डिप्टी सीएमओ ने किया आरोग्य मेले का निरीक्षण, व्यवस्थाओं पर जताया संतोष

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकताओं के तहत रविवार को जनपद बरेली के सभी प्राथमिक एवं शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आरोग्य मेले का आयोजन किया गया।

इसी क्रम में डिप्टी मुख्य चिकित्सा अधिकारी (डिप्टी सीएमओ) डॉ. अमित कुमार ने शहर के बाकरगंज एवं स्वालेनगर स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित आरोग्य मेले का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएमओ ने मेले में मौजूद स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत को परखा और मौके पर मौजूद चिकित्सकों व पैरामेडिकल स्टाफ से जानकारी प्राप्त की।

दोनों ही स्वास्थ्य केंद्रों पर समस्त स्टाफ उपस्थित मिला और मरीजों का नियमित रूप से उपचार किया जा रहा था। आरोग्य मेले में ओपीडी सेवाएं, जांच सुविधाएं, दवाओं का वितरण, टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं तथा आयुष्मान भारत योजना से संबंधित परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही थी।

डॉ. अमित कुमार ने मेले में आए मरीजों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मरीजों एवं तीमारदारों ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर संतोषजनक फीडबैक दिया और चिकित्सकों के व्यवहार व उपचार व्यवस्था की सराहना की।

डिप्टी सीएमओ ने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि सरकार की मंशा के अनुरूप आमजन को गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने कहा कि आरोग्य मेले का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को उनके घर के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान और उपचार संभव हो सके। साथ ही उन्होंने साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के अंत में डिप्टी सीएमओ डॉ. अमित कुमार ने व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम की सराहना की और आरोग्य मेलों को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।