मुर्गे की कीमत पर विवाद बना हिंसा का कारण, महिला और बेटे से मारपीट का आरोप
- Advertisement -
मुर्गे की कीमत पर विवाद बना हिंसा का कारण, महिला और बेटे से मारपीट का आरोप
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
‘बीजेपी नेता होने’ का दावा, जातिसूचक गालियां और झूठे मुकदमे की धमकी का मामला सामने आया
बरेली।इज्जतनगर थाना क्षेत्र से दबंगई और मारपीट का एक गंभीर मामला सामने आया है।
बिहारमान नगला निवासी शर्मिला देवी ने मोहल्ले में स्थित एक मुर्गा दुकान पर हुए विवाद को लेकर कुछ लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप लगाए हैं।
पीड़िता का कहना है कि यह विवाद मुर्गे की कीमत को लेकर शुरू हुआ, जो बाद में हिंसक रूप ले बैठा।
पीड़िता के अनुसार, 8 जनवरी को मोहल्ले की मुर्गा दुकान पर सलमा उर्फ जुली, जीशान और अमान की दुकानदार से कहासुनी हो रही थी। इस दौरान कथित रूप से सार्वजनिक स्थान पर गाली-गलौज की जा रही थी।
जब शर्मिला देवी और उनके बेटे पुष्पेन्द्र ने इसका विरोध किया, तो आरोप है कि तीनों ने मिलकर पुष्पेन्द्र के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पर महिला के साथ भी हाथापाई किए जाने का आरोप लगाया गया है।
शर्मिला देवी का कहना है कि आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और जान से मारने की धमकी दी।
इतना ही नहीं, उन्होंने खुद को एक राजनीतिक दल का मंडल अध्यक्ष बताते हुए पुलिस से किसी तरह की कार्रवाई न होने का दावा भी किया। शोर-शराबा सुनकर मोहल्ले के अन्य लोग मौके पर पहुंचे, तब जाकर स्थिति नियंत्रित हो सकी।
पीड़िता के मुताबिक, घटना के बाद 112 नंबर पर कॉल करने और थाने में शिकायत देने के बावजूद तत्काल कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई।
बाद में 9 जनवरी को दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर पुलिस ने 13 जनवरी को आरोपी जीशान का 170 बीएनएस के तहत चालान किया।
महिला का आरोप है कि अब आरोपी जीशान की बहन द्वारा उनके बेटे को झूठे बलात्कार के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही है, जिससे पूरा परिवार दहशत में है।
पीड़िता ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
फिलहाल, मामला पुलिस के संज्ञान में है। अब देखना यह होगा कि शिकायतकर्ता को समय पर न्याय और सुरक्षा मिल पाती है या नहीं।