आकाशपुरम श्मशान घाट में चौकीदार की रहस्यमयी मौत,

0 58

- Advertisement -

आकाशपुरम श्मशान घाट में चौकीदार की रहस्यमयी मौत,

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

क्षत-विक्षत शव मिलने से हड़कंप
कुत्तों द्वारा शव नोचे जाने की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार

बरेली।थाना बारादरी क्षेत्र के आकाशपुरम स्थित श्मशान घाट में तैनात एक चौकीदार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई।

श्मशान घाट परिसर में चौकीदार का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हालत में मिला, जिसे आवारा कुत्तों द्वारा नोचे जाने की आशंका जताई जा रही है।

सुबह के समय स्थानीय लोगों ने श्मशान घाट में खून के निशान और शव के अवशेष देखे, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची थाना बारादरी पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

स्थानीय निवासियों के अनुसार मृतक श्मशान घाट में चौकीदारी करता था और अक्सर रात के समय वहीं रुकता था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चौकीदार को शराब पीने की लत थी।

आशंका जताई जा रही है कि वह नशे की हालत में श्मशान घाट परिसर में गिर पड़ा होगा और रात के दौरान उसकी मौत हो गई होगी, जिसके बाद आवारा कुत्तों ने शव को नोच लिया।

हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि घटना के समय कोई अन्य व्यक्ति वहां मौजूद था या नहीं।

पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है और उनसे पूछताछ की जा रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में भय और चिंता का माहौल है।

स्थानीय लोगों ने श्मशान घाट की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने और आवारा कुत्तों की समस्या के स्थायी समाधान की मांग उठाई है।

थाना बारादरी पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।