बरेली बार एसोसिएशन चुनाव: 80 प्रत्याशियों के बीच कड़ा मुकाबला, मतदान शांतिपूर्ण जारी
- Advertisement -
बरेली बार एसोसिएशन चुनाव: 80 प्रत्याशियों के बीच कड़ा मुकाबला, मतदान शांतिपूर्ण जारी
2736 मतदाता करेंगे भविष्य का फैसला, अध्यक्ष पद पर छह दावेदारों से मुकाबला रोमांचक
- Advertisement -
बरेली बार एसोसिएशन के द्विवार्षिक चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कुल 80 प्रत्याशियों के बीच हो रहे इस चुनाव ने रोचक रूप ले लिया है।
सोमवार को बार भवन सभागार में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी है, जिसमें अधिवक्ता बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
सुबह 10 बजे से मतदान शुरू हुआ, जो दोपहर 1.30 बजे तक चलेगा। इसके बाद दोपहर 2 बजे से शाम 4.30 बजे तक पुनः मतदान कराया जाएगा।
इस चुनाव में कुल 2736 मतदाता अध्यक्ष, सचिव सहित विभिन्न पदों पर खड़े प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। अध्यक्ष पद पर छह प्रत्याशी मैदान में हैं, जिससे यह मुकाबला सबसे ज्यादा दिलचस्प बना हुआ है।
रविवार को चुनाव से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। मुख्य चुनाव अधिकारी राजीव जयपति ने बताया कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस का पूरा सहयोग लिया गया है।
मतदान स्थल पर अधिवक्ताओं के लिए निर्धारित ड्रेस में आना अनिवार्य किया गया है। साथ ही सीओपी कार्ड या वैध प्रमाण पत्र दिखाने के बाद ही मतदान की अनुमति दी जा रही है।
चुनाव प्रक्रिया को अनुशासित बनाए रखने के लिए मतदान केंद्र पर हथियार लाने, हर्ष फायरिंग करने, ढोल-नगाड़े बजाने तथा शराब या नशे की हालत में आने पर पूरी तरह रोक लगाई गई है। मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों को सील कर सुरक्षित रखा जाएगा।
अब सभी की निगाहें मंगलवार पर टिकी हैं। मंगलवार सुबह 10 बजे से मतगणना शुरू होगी।
इसके साथ ही यह स्पष्ट हो जाएगा कि 80 प्रत्याशियों में से कौन जीत का ताज पहनकर बरेली बार एसोसिएशन की कमान संभालेगा। चुनावी मैदान में उतरे प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला अब कुछ ही घंटों में होने वाला है।
रिपोर्ट/आसिफ अली