लालकुआं–बंगलूरू साप्ताहिक ट्रेन 10 जनवरी से शुरू, बरेली के यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

0 21

- Advertisement -

लालकुआं–बंगलूरू साप्ताहिक ट्रेन 10 जनवरी से शुरू, बरेली के यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

बरेली और बंगलूरू के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। लालकुआं से बंगलूरू के बीच साप्ताहिक ट्रेन सेवा का संचालन 10 जनवरी से शुरू होने जा रहा है।

- Advertisement -

यह ट्रेन बरेली होकर गुजरेगी, जिससे बरेली और आसपास के जिलों के यात्रियों को दक्षिण भारत की यात्रा में बड़ी सहूलियत मिलेगी।

पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा 05074/05073 लालकुआं जंक्शन–क्रांतिवीर संगोली रायण्णा (बंगलूरू) विशेष गाड़ी का संचालन अगले आदेश तक किया जाएगा।

यह विशेष ट्रेन प्रत्येक शनिवार को लालकुआं से और प्रत्येक मंगलवार को बंगलूरू से रवाना होगी।

अब तक बरेली-बंगलूरू के बीच सीधी ट्रेन सेवा नहीं होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ती थी।

हवाई सेवा सीमित दिनों में होने और टिकट आसानी से न मिलने के कारण भी यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।

ट्रेन शुरू होने से नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा।

रेलवे के अनुसार, 05074 लालकुआं जंक्शन–बंगलूरू विशेष गाड़ी प्रत्येक शनिवार को शाम 5:55 बजे लालकुआं से प्रस्थान करेगी और रात 8:08 बजे बरेली जंक्शन पहुंचेगी।

इसके बाद तीसरे दिन दोपहर 3:25 बजे यह ट्रेन क्रांतिवीर संगोली रायण्णा (बंगलूरू) स्टेशन पहुंचेगी।

वापसी में 05073 बंगलूरू–लालकुआं विशेष गाड़ी प्रत्येक मंगलवार को सुबह 7:15 बजे बंगलूरू से चलेगी और तीसरे दिन सुबह 6:25 बजे बरेली जंक्शन तथा सुबह 9:05 बजे लालकुआं पहुंचेगी।

उधर, शीतलहर और कोहरे का असर रविवार को भी रेल संचालन पर देखने को मिला। बरेली होकर गुजरने वाली करीब 25 गाड़ियां देरी से चलीं, जिससे यात्रियों को तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ा।

शहीद एक्सप्रेस करीब तीन घंटे लेट रही, जबकि बाघ एक्सप्रेस और चंडीगढ़–लखनऊ सुपरफास्ट दो-दो घंटे देरी से पहुंचीं।

इसके अलावा अयोध्या, अकालतख्त, हिमगिरि, महामना, श्रमजीवी, दून और अवध-असम एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें लेटलतीफी का शिकार रहीं।

वहीं, मुरादाबाद मंडल के डीआरएम राजकुमार सिंह के निरीक्षण को लेकर रविवार को बरेली जंक्शन पर अधिकारी अलर्ट रहे।

हालांकि डीआरएम रोजा, शाहजहांपुर और कटरा स्टेशनों का निरीक्षण कर मुरादाबाद लौट गए और बरेली जंक्शन पर उनका ठहराव नहीं हुआ।

रिपोर्ट /आसिफ अली