बरेली बवाल गवाह की हत्या की साजिश बेनकाब, 24 घंटे में सुपारी किलर गिरफ्तार

0 105

- Advertisement -

बरेली बवाल गवाह की हत्या की साजिश बेनकाब, 24 घंटे में सुपारी किलर गिरफ्तार

पीलीभीत का कुख्यात गैंगस्टर निकला शूटर, तमंचा–कारतूस और सुपारी के रुपये बरामद

- Advertisement -

बरेली बवाल मामले में पुलिस के अहम गवाह की हत्या की साजिश का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। बारादरी थाना पुलिस ने 24 घंटे के भीतर कॉन्ट्रैक्ट किलर को गिरफ्तार कर पूरी साजिश पर पानी फेर दिया।

गिरफ्तार आरोपी पीलीभीत का कुख्यात बदमाश फुरकान है, जिसके पास से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और सुपारी के तौर पर मिले 20 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

रविवार को पुलिस लाइन सभागार में एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान और सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव ने मामले का खुलासा किया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी लंबे समय से गवाह की रेकी कर रहा था और वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।

बवाल के दौरान पहचान बना बनी रंजिश की वजह पुराना शहर के चक महमूद निवासी मो. फिरदौस खां उर्फ अजुम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था.

कि 26 सितंबर 2025 को हुए बरेली बवाल के दौरान उन्होंने दंगाइयों की पहचान कर पुलिस व प्रशासन की मदद की थी। इसी बात से नाराज कुछ लोगों ने उनसे दुश्मनी पाल ली।

18 दिसंबर को चमगादड़ वाले बाग में उन्हें घेरकर खुलेआम धमकी दी गई कि 10 लाख रुपये दो, वरना जान से मार दिया जाएगा।

इसके बाद अनजान नंबरों से लगातार कॉल आने लगे, जिससे पूरा परिवार दहशत में आ गया।

5 लाख में दी गई थी हत्या की सुपारी
कुछ दिन बाद फिरदौस को जानकारी मिली कि उनकी हत्या की सुपारी पीलीभीत के बदमाश फुरकान को 5 लाख रुपये में दी गई है।

खतरे की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने पुलिस से संपर्क किया। मुकदमा दर्ज होते ही बारादरी पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिर तंत्र के जरिए आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

शनिवार देर रात पुलिस ने नकटिया इलाके से फुरकान को दबोच लिया। वह कैंट क्षेत्र में किराए के कमरे में रह रहा था और मारिया फ्रोजन मीट फैक्ट्री के पास चाय का खोखा लगाकर गवाह की गतिविधियों पर नजर रख रहा था।

कमरे से हथियार और नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपी की पत्नी की मौजूदगी में कमरे की तलाशी ली, जहां एक थैले से तमंचा, दो जिंदा कारतूस और सुपारी के रुपये बरामद किए गए।

पूछताछ में फुरकान ने कबूल किया कि जेल में उसकी पहचान आईएमसी से जुड़े कुछ नेताओं से हुई थी। वहीं गवाह को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई और जेल में बंद लोगों के इशारे पर ही उसे यह काम सौंपा गया।

गैंगस्टर एक्ट समेत दर्जनभर मुकदमे
पुलिस के अनुसार फुरकान शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ पीलीभीत और बरेली के विभिन्न थानों में लूट, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत करीब एक दर्जन संगीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इस साजिश में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

रिपोर्ट /आसिफ अली