बरेली: दिवंगत विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल को श्रद्धांजलि देने उनके आवास पहुंचे मुख्यमंत्री योगी, परिवार को बंधाया ढांढस

0 48

- Advertisement -

बरेली: दिवंगत विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल को श्रद्धांजलि देने उनके आवास पहुंचे मुख्यमंत्री योगी, परिवार को बंधाया ढांढस

बरेली।फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक और शिक्षाविद् प्रोफेसर डॉ. श्याम बिहारी लाल के आकस्मिक निधन के बाद शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बरेली पहुंचे।

- Advertisement -

सुबह 10 बजकर 43 मिनट पर मुख्यमंत्री शहर के शक्तिनगर कॉलोनी स्थित दिवंगत विधायक के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत विधायक की पत्नी, बेटियों और बेटे से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर परिवार का हाल जाना।

इस दौरान उन्होंने कहा कि डॉ. श्याम बिहारी लाल का निधन न केवल उनके परिवार, बल्कि फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र और भाजपा संगठन के लिए भी अपूरणीय क्षति है।

मुख्यमंत्री करीब 15 मिनट तक आवास पर रुके और इसके बाद रवाना हो गए।

गौरतलब है कि शुक्रवार को प्रोफेसर डॉ. श्याम बिहारी लाल सर्किट हाउस में आयोजित एक बैठक में भाग लेने पहुंचे थे।

बैठक के बाद भोजन के दौरान उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई, लेकिन करीब एक घंटे के भीतर उनका निधन हो गया।

चिकित्सकों के अनुसार उनकी मृत्यु का कारण हृदयाघात बताया गया है।

विधायक के अचानक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

लोग उन्हें एक सरल, मिलनसार और जनसेवा के प्रति समर्पित जनप्रतिनिधि के रूप में याद कर रहे हैं। अंतिम दर्शन के लिए उनके आवास पर लगातार लोगों की भीड़ उमड़ रही है।

दिवंगत विधायक का अंतिम संस्कार शनिवार दोपहर फरीदपुर के स्टेशन रोड स्थित श्मशान भूमि पर किया जाएगा।

अंत्येष्टि में प्रदेश सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।

वन राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की और डॉ. श्याम बिहारी लाल के सामाजिक व राजनीतिक योगदान को याद किया।

उन्होंने कहा कि उनके निधन से भाजपा संगठन और क्षेत्र की जनता को गहरी क्षति पहुंची है।

 

रिपोर्ट/आसिफ अली