सर्किट हाउस में बिगड़ी तबीयत, फरीदपुर विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का 59 वर्ष की उम्र में हार्ट अटैक से निधन
- Advertisement -
सर्किट हाउस में बिगड़ी तबीयत, फरीदपुर विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का 59 वर्ष की उम्र में हार्ट अटैक से निधन
मेडिसिटी अस्पताल में इलाज के दौरान टूटी सांसों की डोर, 59 वर्षीय विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का निधन
- Advertisement -
बरेली। फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक एवं महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. श्याम बिहारी लाल का शुक्रवार को 59 वर्ष की उम्र में आकस्मिक निधन हो गया।
सर्किट हाउस में आयोजित एक सरकारी बैठक के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। सीने में तेज दर्द की शिकायत पर उन्हें तत्काल शहर के मेडिसिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
पशुधन मंत्री की बैठक के दौरान बिगड़ी तबीयत
शुक्रवार दोपहर बरेली सर्किट हाउस में पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की एसआईआर को लेकर बैठक चल रही थी।
बैठक के दौरान ही डॉ. श्याम बिहारी लाल को अचानक सीने में असहनीय दर्द उठा। उनकी हालत बिगड़ते देख मौजूद अधिकारियों और सहयोगियों में अफरा-तफरी मच गई। बिना देरी किए उन्हें एंबुलेंस से मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया गया।
चिकित्सकों के प्रयास रहे असफल
मेडिसिटी अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने के लिए सीपीआर सहित सभी आवश्यक चिकित्सकीय प्रयास किए, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका।
कुछ समय बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. विमल भारद्वाज के अनुसार, पूरी कोशिश के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
एक दिन पहले ही मनाया था जन्मदिन
दुखद संयोग यह रहा कि डॉ. श्याम बिहारी लाल ने एक दिन पहले ही अपना जन्मदिन मनाया था।
वह भाजपा के टिकट पर फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से लगातार दूसरी बार विधायक चुने गए थे। शैक्षणिक जगत में भी उनकी अलग पहचान थी और वह लंबे समय तक रुहेलखंड विश्वविद्यालय में प्रोफेसर रहे।
राजनीतिक और शैक्षणिक जगत में शोक
डॉ. श्याम बिहारी लाल के आकस्मिक निधन से भाजपा संगठन, विश्वविद्यालय परिवार और फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सर्किट हाउस से लेकर विश्वविद्यालय परिसर तक गमगीन माहौल रहा।
खबर मिलते ही अधिकारियों का घर पहुँचना
विधायक के निधन की सूचना मिलते ही बरेली के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी उनके आवास पर पहुँचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।
जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और गणमान्य नागरिकों का भी उनके घर आना-जाना लगा रहा।
परिवार का विवरण डॉ. श्याम बिहारी लाल अपने पीछे पत्नी मंजूलता, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। उनकी एक बेटी बरेली में रक्षा संपदा अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।
रिपोर्ट /आसिफ अली