नए साल की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं, नैनीताल जा रहे दो दोस्तों की सड़क हादसे में मौत

0 73

- Advertisement -

नए साल की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं, नैनीताल जा रहे दो दोस्तों की सड़क हादसे में मौत

मुंडिया टोल प्लाजा के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक, दोनों युवकों ने मौके पर तोड़ा दम

- Advertisement -

बरेली।नए साल का जश्न मनाने की तैयारी कर रहे दो दोस्तों की यात्रा बीच रास्ते ही उनकी आखिरी यात्रा बन गई।

बहेड़ी थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर हुए एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

यह हादसा मुंडिया टोल प्लाजा से कुछ दूरी पहले हुआ, जहां उनकी मोटरसाइकिल एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई।

हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान मो. सैफ (20 वर्ष) पुत्र सलीम और मो. महताब (23 वर्ष) पुत्र लईक अहमद के रूप में हुई है।

दोनों युवक बरेली के मोहल्ला गोदाम के निवासी बताए जा रहे हैं और नए साल का जश्न मनाने के लिए नैनीताल जा रहे थे।

जानकारी के मुताबिक, टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक बाइक से उछलकर सड़क पर गिर पड़े। गंभीर चोटें लगने के कारण दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बहेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर लगे जाम को हटवाकर यातायात सुचारु कराया।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया और परिजन बदहवास हालत में मौके पर पहुंच गए।

पुलिस ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

रिपोर्ट/ आसिफ अली