अलविदा 2025: बरेली का बवाल बना राष्ट्रीय सुर्खी, हत्याओं और अपराधों से दहला जिला;

0 24

- Advertisement -

अलविदा 2025: बरेली का बवाल बना राष्ट्रीय सुर्खी, हत्याओं और अपराधों से दहला जिला;

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

जानिए सालभर की बड़ी घटनाएं

बरेली। साल 2025 बरेली के लिए उतार-चढ़ाव से भरा रहा। एक ओर जघन्य अपराधों के आंकड़ों में कुछ कमी दर्ज की गई, तो दूसरी ओर कई ऐसी घटनाएं सामने आईं, जिन्होंने जिले को बार-बार सुर्खियों में ला खड़ा किया।

खासतौर पर 26 सितंबर को हुआ बरेली बवाल पूरे देश में चर्चा का विषय बना। इसके अलावा हत्याएं, गैंगवार, ठगी और नशा तस्करी के मामले भी सालभर चर्चा में रहे।

26 सितंबर का बवाल: पुलिस को खुली चुनौती
26 सितंबर को हुए बवाल ने न सिर्फ शहर की फिजा को जहरीला किया, बल्कि कानून-व्यवस्था के लिए भी बड़ी चुनौती खड़ी कर दी।

इस हिंसा में 36 पुलिसकर्मी और एक नागरिक घायल हुए। पुलिस ने बवाल के मास्टरमाइंड मौलाना तौकीर के खिलाफ कुल 14 मुकदमे दर्ज किए। इनमें से 11 मामलों में चार्जशीट दाखिल हो चुकी है।

विवेचना में मौलाना के 187 गुर्गों के नाम सामने आए, जिनमें से 87 को गिरफ्तार किया गया।

22 को नोटिस तामील कराए गए, जबकि 110 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल हुआ। कई आरोपियों की संपत्तियां सील और ध्वस्त की गईं, वहीं 77 आरोपियों पर कार्रवाई अभी बाकी है।

ये हत्याएं रहीं सबसे ज्यादा चर्चित 11 फरवरी: सेटेलाइट बस स्टैंड पर प्रतापगढ़ निवासी पार्सल ठेकेदार बंधुओं पर गोलीबारी। अनुज पांडेय की मौत, अतुल पांडेय घायल।

27 सितंबर: बारादरी क्षेत्र में हनुमान दल के जिला उपाध्यक्ष गौरव गोस्वामी की गोली मारकर हत्या।

15 अक्तूबर: बिथरी चैनपुर में रामलीला मेला देखकर लौट रहे अभिषेक यादव की चाकू से गोदकर हत्या। जांच में शराब के गिलास को लेकर कहासुनी सामने आई।

27 नवंबर: दहेज में कार की मांग को लेकर अधिवक्ता महजबीन अंसारी की हत्या। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वकीलों ने भूख हड़ताल तक की।

5 दिसंबर: सेंथल में मुकेश की हत्या। अवैध संबंधों के चलते महिला और उसके पति ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया।

अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर फायरिंग
11 और 12 सितंबर की रात शहर स्थित अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर गोल्डी बरार गैंग के बाइक सवार शूटरों ने फायरिंग कर दहशत फैला दी।

बाद में एसटीएफ ने दिल्ली और हरियाणा पुलिस के साथ मिलकर सोनीपत निवासी रविंद्र और अरुण को गाजियाबाद में मुठभेड़ में ढेर कर दिया।

चिटफंड और निवेश घोटाले
साल 2025 में ठगी के मामलों ने भी निवेशकों की नींद उड़ा दी।

अमर ज्योति यूनिवर्स निधि लिमिटेड: पूर्व भाजपा नेता सूर्यकांत मौर्य और उसके भाई शशिकांत पर करोड़ों की ठगी का आरोप। जून में दफ्तर बंद कर फरार हो गए।

कैनविज कंपनी घोटाला: निदेशक कन्हैया गुलाटी पर सैकड़ों निवेशकों की रकम हड़पने का आरोप। करीब दो दर्जन मुकदमे दर्ज, एसआईटी गठित।

ट्रेडिंग ठगी: किला निवासी शैलेंद्र करोड़ों लेकर फरार। पत्नी और गुर्गे जेल भेजे गए, लेकिन मुख्य आरोपी अब भी फरार।

पुलिस की कार्रवाई एक नजर
गैंगस्टर एक्ट: 23 मुकदमे, 128 अपराधी
गुंडा एक्ट: 289 अपराधी
218 हिस्ट्रीशीटर तैयार
37 अपराधी जिला बदर
एनडीपीएस: 276 मुकदमे, 509 तस्कर गिरफ्तार भारी मात्रा में स्मैक, अफीम, कोकीन, गांजा व अन्य नशीले पदार्थ बरामद
2026 से उम्मीदें
आने वाले साल में जिले में 9 नई चौकियां और एक नया थाना स्थापित किया जाएगा। नई भर्ती से 1393 पुरुष व महिला आरक्षियों की तैनाती होगी। यातायात सुधार के लिए ब्लैक स्पॉट सुधारे जाएंगे, नई ट्रैफिक लाइटें लगेंगी और अवैध कट बंद किए जाएंगे।

एसएसपी का संदेश एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि 2025 में कई घटनाओं ने शांति व्यवस्था को चुनौती दी, लेकिन पुलिस ने सख्ती से हालात संभाले। 2026 में भी अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।