भाजपा की पदयात्रा में जेबकतरों का आतंक, भारी पुलिस बल की मौजूदगी में चार लोगों की जेबें कटीं
- Advertisement -
भाजपा की पदयात्रा में जेबकतरों का आतंक, भारी पुलिस बल की मौजूदगी में चार लोगों की जेबें कटीं
बरेली। भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में जेबकतरों ने जमकर हाथ साफ किया। पदयात्रा में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात होने के बावजूद जेबकतरों ने चार लोगों की जेबें काटकर नकदी, मोबाइल और जरूरी दस्तावेज पार कर दिए। पीड़ितों ने संबंधित पुलिस चौकियों और थानों में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, थाना प्रेमनगर क्षेत्र के राजेंद्र नगर निवासी अमनदीप सिंह पुत्र महेंद्र सिंह पदयात्रा में शामिल होने आए थे। इसी दौरान किसी जेबकतरे ने उनकी जेब काट ली। उनकी जेब में रखे 9,500 रुपये, मोटोरोला का टच स्क्रीन मोबाइल, कार्ड और जरूरी काम के कागजात गायब हो गए। अमनदीप सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर नकदी और मोबाइल बरामद कराने की मांग की है।
- Advertisement -
वहीं, थाना किला क्षेत्र के साहूकारा निवासी अमरजीत सिंह पुत्र स्वर्गीय मालिक सिंह की जेब से 8,500 रुपये और जरूरी कागजात चोरी कर लिए गए। उन्होंने भी पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
इसी तरह कोतवाली क्षेत्र के रामपुर गार्डन निवासी राजीव भुवना की जेब से 5,000 रुपये, जरूरी कागजात और एटीएम कार्ड निकाल लिए गए। उन्होंने भी पुलिस से शिकायत कर सामान और नकदी बरामद कराने की गुहार लगाई है।
इसके अलावा शाहजहांपुर जिले के सिटी पार्क, लोधीपुर निवासी दिनेश कुमार पुत्र प्रवेश लाल भी जेबकतरों का शिकार हो गए। पदयात्रा के दौरान उनकी जेब से 18 हजार रुपये, पैन कार्ड, आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस गायब हो गए। दिनेश कुमार ने शील चौराहा पुलिस चौकी पर तहरीर देकर नकदी और जरूरी दस्तावेज बरामद कराने की मांग की है।
भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद एक ही पदयात्रा में चार लोगों की जेब कटने की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
