बरेली में छात्रा नीतू हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार टियूलिया अंडरपास पर मुठभेड़ में पकड़ा गया कातिल अशोक*
- Advertisement -
बरेली में छात्रा नीतू हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार टियूलिया अंडरपास पर मुठभेड़ में पकड़ा गया कातिल अशोक*
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
*’दूसरे लड़कों से बात करती थी नीतू’, 6 साल की दोस्ती भूल दुपट्टे से ली जान- SSP अनुराग आर्य बोले: 4 टीमें लगी थीं, कॉल डिटेल-लोकेशन से फंसा आरोपी*
*बरेली, डीएलएड छात्रा नीतू गंगवार हत्याकांड से पुलिस ने पर्दा उठा दिया है। शादी से इनकार और दूसरे लड़कों से बात करने से नाराज दोस्त अशोक ने ही गला दबाकर नीतू की हत्या की थी। रविवार देर रात टियूलिया अंडरपास के पास पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल अशोक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। SSP अनुराग आर्य ने बताया कि आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
*खेत में मिली थी नीतू की लाश, दुपट्टे से घोंटा था गला*
16 मई शनिवार को सीबीगंज थाना क्षेत्र में झुमका चौराहे से 400 मीटर अंदर खेत में शीशगढ़ के मानपुर गांव निवासी 23 वर्षीय नीतू गंगवार का शव मिला था। वह कॉलेज यूनिफॉर्म में थी। दुपट्टे से गला दबाकर हत्या की गई थी। मुंह से खून निकल रहा था और शरीर पर चोट के निशान थे। नीतू 15 मई को फरीदपुर के छत्रपति शिवाजी इंटर कॉलेज में पेपर देने गई थी, लेकिन घर नहीं लौटी। परिजनों ने बारादरी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
*SSP ने बनाईं 4 टीमें, कॉल डिटेल से खुला राज*
शव मिलने के बाद SSP अनुराग आर्य ने वारदात के खुलासे के लिए 4 टीमें गठित कीं। नीतू के मोबाइल की कॉल डिटेल, शहीद गेट स्थित मौसा के घर और फरीदपुर परीक्षा केंद्र के बाहर लगे CCTV फुटेज खंगाले गए। जांच में रामपुर के कैमरी थाना क्षेत्र के गांव लखीमपुर भीका निवासी अशोक का नाम सामने आया। हत्या के वक्त अशोक के मोबाइल की लोकेशन घटनास्थल पर मिली। टोल प्लाजा और कई जगहों पर नीतू के साथ बाइक पर जाते हुए अशोक की फुटेज भी मिली।
*मुठभेड़ में पैर में लगी गोली, अस्पताल में कबूला जुर्म*
रविवार रात 11 बजे SOG और सीबीगंज पुलिस ने अशोक को टियूलिया अंडरपास के पास घेर लिया। पुलिस के मुताबिक भागते हुए अशोक ने फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लग गई। अस्पताल में पूछताछ के दौरान अशोक ने बताया कि वह 2020 से नीतू को जानता था। मानपुर में नीतू के पिता सोमपाल गंगवार के स्कूल से उसने हाईस्कूल किया था। तभी से दोनों में दोस्ती थी। अशोक एकतरफा प्यार करता था और शादी करना चाहता था।
*’दूसरों से बात करती थी इसलिए मार डाला’*
अशोक ने पुलिस को बताया कि उसे पता चला कि नीतू कई और लड़कों से बात करती है। इससे वह गुस्से में था। 15 मई को पेपर के बाद वह नीतू को बाइक पर बैठाकर ले गया। शादी की जिद की तो नीतू ने घरवालों से पूछने की बात कहकर टाल दिया। इसी बात पर अशोक ने नीतू के दुपट्टे से ही उसका गला कस दिया और लाश खेत में फेंककर फरार हो गया। नीतू का मोबाइल भी वह अपने साथ ले गया था।
*’नीतू से शादी कर भविष्य सुरक्षित करना चाहता था’*
पूछताछ में अशोक ने कहा कि नीतू पढ़ाई में तेज थी और वह खुद कोई खास काम नहीं करता था। सजातीय होने के कारण वह नीतू से शादी करना चाहता था। उसे लगता था कि नीतू टीचर बन जाएगी या पिता का स्कूल संभालेगी। शादी होने पर उसका भविष्य सुरक्षित हो जाता।
*मोबाइल देखकर बनाया था हत्या का प्लान*
पुलिस जांच में सामने आया कि अशोक बेहद सनकी मिजाज का है। नीतू उसे सिर्फ दोस्त मानती थी, लेकिन वह उस पर अपना हक जताता था। परीक्षा के दौरान वह नीतू का फोन लेकर बाहर बैठता था। 13 और 14 मई को फोन में कुछ लड़कों की कॉल, मैसेज और नीतू के साथ फोटो देखकर उसने हत्या का मन बना लिया था। 15 मई को पेपर के बाद उसने नीतू से झगड़ा किया। फरीदपुर में बाइक से दो बार गिराया भी। लोगों के जमा होने पर नीतू ने ही मामला संभाला और फिर बाइक पर बैठ गई। इसके बाद अशोक उसे सुनसान जगह ले गया और हत्या कर दी।
*परिवार को भी गुमराह किया, हल्द्वानी का युवक निकला बेकसूर*
नीतू के लापता होने पर जब परिवार ने अशोक से संपर्क किया तो उसने उन लड़कों के नंबर दे दिए जिनके मैसेज उसने नीतू के फोन में देखे थे। पुलिस ने हल्द्वानी निवासी हरेंद्र नाम के युवक को हिरासत में भी लिया, लेकिन वह बेकसूर निकला।
*SSP बोले- आरोपी को कोर्ट में पेश करेंगे*
SSP अनुराग आर्य ने बताया कि मुठभेड़ में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इलाज के बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। संदेह में कुछ और लोगों से पूछताछ की गई थी जो बेकसूर निकले। आरोपी छात्रा पर शादी का दबाव बना रहा था। इनकार करने पर हत्या कर दी।