सूदखोर ने निगल ली वार्ड बॉय की जिंदगी’, 30 लाख के कर्ज ने ली प्रदीप की जान- सुसाइड नोट में ‘चूचू’ का काला सच*

0 26

- Advertisement -

सूदखोर ने निगल ली वार्ड बॉय की जिंदगी’, 30 लाख के कर्ज ने ली प्रदीप की जान- सुसाइड नोट में ‘चूचू’ का काला सच*

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

*’10 साल तक सैलरी जाती रही ब्याज में’, बरेली जिला अस्पताल का वार्ड बॉय हारा- बानखाना का सुधीर फरार, केस दर्ज*

*बरेली, 17 मई 2026:* सूदखोरी के जाल ने एक और परिवार उजाड़ दिया। जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में तैनात वार्ड बॉय प्रदीप कुमार ने शुक्रवार शाम खुदकुशी कर ली। मौके से मिले सुसाइड नोट में प्रदीप ने बानखाना निवासी सुधीर कुमार उर्फ ‘चूचू’ को मौत का जिम्मेदार ठहराया है। बेटी मानसी शर्मा की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। आरोपी फरार है।

*10 साल से सैलरी का बड़ा हिस्सा जाता था ब्याज में*
बेटी मानसी ने पुलिस को बताया कि पिता ने करीब 10 साल पहले सुधीर से 30 लाख रुपये लिए थे। तब से हर महीने सैलरी का बड़ा हिस्सा ब्याज में चला जाता था। बैंक स्टेटमेंट में ट्रांजैक्शन का रिकॉर्ड मौजूद है। परिवार का दावा है कि प्रदीप मूल रकम से करीब 2 लाख रुपये ज्यादा चुका चुका था, फिर भी दबाव और धमकियां बंद नहीं हुईं। आर्थिक तंगी से घर के हालात बिगड़ते गए।

*सुसाइड नोट में लिखा- “मेरे जैसे पचासों लोग मरते होंगे”*
सुसाइड नोट में प्रदीप ने लिखा कि सुधीर जैसे लोगों की वजह से कई लोग आत्महत्या करते हैं। पूरी रकम चुकाने के बाद भी मानसिक उत्पीड़न जारी रहा। प्रदीप ने परिवार को भी पूरी बात नहीं बताई थी। पत्नी को शक होता था कि हर महीने मोटी रकम कहां जा रही है।

*पुलिस ने दर्ज किया केस, दबिश में नहीं मिला आरोपी*
कोतवाल धनंजय पांडेय ने बताया कि मानसी शर्मा की तहरीर पर सुधीर कुमार उर्फ चूचू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शनिवार रात आरोपी के घर और ठिकानों पर दबिश दी गई, लेकिन वह नहीं मिला। सुसाइड नोट और बैंक रिकॉर्ड को जांच में शामिल किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

*बरेली में फिर गरमाया सूदखोरी का मुद्दा*
प्रदीप की मौत के बाद शहर में अवैध सूदखोरी को लेकर बहस तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऊंचे ब्याज पर पैसा देकर जरूरतमंदों को फंसाने के कई मामले सामने आते रहे हैं, लेकिन डर के कारण शिकायतें दर्ज नहीं हो पातीं।

*मानसिक तनाव में हैं तो मदद लें*
यदि आप या आपका कोई परिचित तनाव में है, तो कृपया तुरंत किरण हेल्पलाइन 1800-599-0019 पर संपर्क करें। मदद मांगना कमजोरी नहीं है।