बरेली में मिलावटी खाद्य पदार्थों पर बड़ी कार्रवाई: पानी, तेल, घी, आटा सब निकले अधोमानक
- Advertisement -
बरेली में मिलावटी खाद्य पदार्थों पर बड़ी कार्रवाई: पानी, तेल, घी, आटा सब निकले अधोमानक
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
*बीएल एग्रो, टेस्टी मिल्क डेयरी, शारदा इंडस्ट्रीज समेत 12 सैंपल फेल, खाद्य विभाग ने जारी किया नोटिस*
*बरेली, 21 अप्रैल 2026:* खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने वालों पर बड़ा शिकंजा कसा है। जनवरी से मार्च के बीच जिले में अलग-अलग जगहों से लिए गए 12 खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच में फेल हो गए हैं। इनमें पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर, सरसों तेल, रिफाइंड तेल, कुट्टू का आटा, मोजरेला चीज, मूंगफली दाना, कत्था, दूध और घी शामिल हैं। विभाग ने सभी कारोबारियों को 30 दिन में अपील का मौका देते हुए नोटिस जारी कर दिया है।
*बीएल एग्रो का तेल, टेस्टी मिल्क डेयरी का दूध-घी फेल*
खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश कुमार शुक्ला ने 11 जनवरी को बहेड़ी बाईपास रोड स्थित सिंह बेवरेजेज से प्यूअरा पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर का सैंपल लिया था। जांच में मैग्नीशियम की मात्रा 5ppm से कम मिली और सैंपल अधोमानक घोषित हुआ।
23 फरवरी को परसाखेड़ा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित बीएल एग्रो से 5 सैंपल लिए गए। इनमें फोर्टिफाइड रिफाइंड सोयाबीन तेल में सैपोनिफिकेशन वैल्यू 185.79 कम, फोर्टिफाइड मस्टर्ड ऑयल में 178.82 ज्यादा और कच्ची घानी सरसों तेल में 163.15 कम मिली। तीनों सैंपल अधोमानक पाए गए। विटामिन प्रीमिक्स और खुली कच्ची घानी सरसों तेल का सैंपल पास हुआ।
20 मार्च को रोहली टोला ओल्ड सिटी स्थित टेस्टी मिल्क डेयरी से लिए गए गाय-भैंस के मिश्रित दूध और खुले घी के सैंपल में फैट की मात्रा कम मिली। दोनों अधोमानक घोषित किए गए।
*कुट्टू के आटे में मिला सिंघाड़े का आटा, मूंगफली में फंगस*
19 मार्च को नकटिया पुरानी चुंगी स्थित यासीन किराना स्टोर से लिए कुट्टू के आटे में सिंघाड़े का आटा मिला। 22 मार्च को विशारतगंज के राजपूत किराना स्टोर के कुट्टू के आटे में भी यही मिलावट मिली। दोनों सैंपल अधोमानक हैं।
18 मार्च को मीरगंज के श्याम किराना स्टोर से ली गई मूंगफली के दाने में फंगस मिली। सैंपल अधोमानक और असुरक्षित घोषित हुआ। 6 मार्च को भुता स्थित श्री शारदा इंडस्ट्रीज से लिए कत्थे के सैंपल में गैमवियर फंगस मिली। यह भी अधोमानक और असुरक्षित है।
24 मार्च को फतेहगंज पश्चिमी के केशव ट्रेडर्स से लिए मोजरेला चीज श्रेडेड जोसेप फार्म्स कैलिफोर्निया नेचुरल का सैंपल मिथ्याछाप घोषित हुआ। इसमें चोलाई भरकर बेची जा रही थी।
*अल निशा रेस्टोरेंट पर भी छापा, काजू का सैंपल लिया*
21 अप्रैल को ठिरिया रोड नारियावल स्थित अल निशा रेस्टोरेंट में फंगस लगे काजू बेचने की शिकायत पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने छापा मारा। मालिक मोहम्मद इमरान खान की मौजूदगी में किचन से काजू का सैंपल लेकर जांच के लिए झांसी लैब भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर कार्रवाई होगी।
*30 दिन का मिला अपील का समय*
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि सभी कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 46(4) के तहत 30 दिन में अपील का मौका दिया गया है। अपील न करने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। अपील पर सैंपल केंद्रीय प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
बरेली में पानी से लेकर तेल, घी, आटा और ड्राई फ्रूट तक में मिलावट का खुलासा हुआ है। खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मचा है।