बरेली में तेज आंधी और झमाझम बारिश से बदला मौसम, गर्मी से मिली राहत; अगले 48 घंटे सुहाने रहने के आसार

0 34

- Advertisement -

बरेली में तेज आंधी और झमाझम बारिश से बदला मौसम, गर्मी से मिली राहत; अगले 48 घंटे सुहाने रहने के आसार

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

धूलभरी आंधी और बारिश से कई कार्यक्रम प्रभावित, मौसम विभाग ने 24–48 घंटे तक हल्की से मध्यम बारिश की जताई संभावना

बरेली।रविवार को बरेली में मौसम ने अचानक करवट ले ली। जहां एक ओर तेज आंधी और बारिश से शहरवासियों को गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर जनजीवन भी प्रभावित हो गया। सुबह की शुरुआत हल्की बूंदाबांदी से हुई, लेकिन दोपहर होते-होते मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया और तेज हवाओं के साथ धूलभरी आंधी चलने लगी।

करीब दोपहर 12:30 बजे अचानक आसमान में काले बादल छा गए और कड़कड़ाती बिजली के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। तेज हवाओं और बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

होली मिलन समारोहों पर पड़ा असर
मौसम के अचानक बदले मिजाज का असर शहर में आयोजित हो रहे सार्वजनिक कार्यक्रमों पर भी देखने को मिला। कई स्थानों पर चल रहे होली मिलन समारोह और टेंट के नीचे आयोजित अन्य कार्यक्रमों को आंधी और बारिश के कारण बीच में ही रोकना पड़ा। आयोजकों को कार्यक्रम स्थल और सामान को सुरक्षित करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।

सुरक्षित जगहों की तलाश में भागे लोग
तेज बारिश और आंधी के चलते सड़क पर चल रहे लोग सुरक्षित स्थानों की तलाश में इधर-उधर भागते नजर आए। दोपहिया वाहन चालक और पैदल यात्री खुद को भीगने से बचाने के लिए फ्लाईओवर, दुकानों की छतों और अन्य सुरक्षित स्थानों के नीचे शरण लेते दिखाई दिए। कई जगहों पर बारिश के कारण यातायात की रफ्तार भी धीमी पड़ गई।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार, एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में यह बदलाव आया है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 से 48 घंटों तक आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, बादलों और बारिश के चलते तापमान में गिरावट आएगी, जिससे शहरवासियों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी और मौसम सुहावना बना रहेगा।