अलविदा की नमाज को लेकर बरेली में हाई अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात
- Advertisement -
अलविदा की नमाज को लेकर बरेली में हाई अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात
रिपोर्ट /आसिफ अली
- Advertisement -
एसपी सिटी मानुष पारीक के नेतृत्व में फ्लैग मार्च, मस्जिदों के बाहर पिकेट; सड़कों पर नमाज की अनुमति नहीं
बरेली। रमजान के आखिरी जुमे यानी अलविदा की नमाज को लेकर बरेली जनपद में पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।
संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और शहर के प्रमुख स्थानों पर भारी पुलिस बल, पीएसी और पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती की गई है।
प्रशासन की प्राथमिकता अलविदा की नमाज को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।
एसपी सिटी मानुष पारीक ने स्पष्ट किया है कि इस बार सड़कों पर नमाज नहीं होने दी जाएगी और किसी भी तरह की नई या गैर-परंपरागत व्यवस्था को लागू नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के लिहाज से सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
फ्लैग मार्च निकालकर दिया सख्त संदेश
सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने और असामाजिक तत्वों को चेतावनी देने के लिए एसपी सिटी मानुष पारीक के नेतृत्व में शहर कोतवाली क्षेत्र से फ्लैग मार्च निकाला गया।
इस दौरान सीओ सिटी प्रथम आशुतोष शिवम, कोतवाली इंस्पेक्टर सुरेंद्र चंद्र गौतम समेत कई थानों की पुलिस, पीएसी और पैरामिलिट्री फोर्स के जवान शामिल रहे। फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस ने लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और शांति बनाए रखने की अपील की।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष 26 सितंबर 2025 को हुए बवाल के अनुभव को देखते हुए इस बार प्रशासन ने ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई है। अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा शहर की सभी प्रमुख मस्जिदों के बाहर पुलिस पिकेट तैनात कर दी गई है।
प्रमुख मस्जिदों पर कड़ी निगरानी
अलविदा की नमाज को लेकर शहर की प्रमुख मस्जिदों में विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।
किला स्थित जामा मस्जिद, अनाथालय रोड की नौमहला मस्जिद, खलील चौराहा स्थित आला हजरत मस्जिद और दरगाह आला हजरत समेत अन्य धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। नमाज के दौरान भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू किया जाएगा।
नगर निगम ने भी की तैयारी
नमाजियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रमुख मस्जिदों के आसपास साफ-सफाई कराई गई है और चूना छिड़काव कराया गया है। इसके अलावा पानी के टैंकरों की भी व्यवस्था की गई है ताकि नमाज के दौरान लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गुरुवार देर रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद को देखते हुए भी सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। इसी के चलते एसपी सिटी मानुष पारीक खुद पुलिस फोर्स के साथ सड़कों पर उतरकर हालात का जायजा ले रहे हैं।