बरेली स्पोर्ट्स स्टेडियम में अस्मिता महिला एथलेटिक्स लीग आयोजित,अंडर-13 की 100 व 200 मीटर दौड़ में राधा ने मारी बाजी

0 17

- Advertisement -

बरेली स्पोर्ट्स स्टेडियम में अस्मिता महिला एथलेटिक्स लीग आयोजित,अंडर-13 की 100 व 200 मीटर दौड़ में राधा ने मारी बाजी

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

महिला दिवस पर आयोजित प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग की खिलाड़ियों ने दिखाया दम, विजेताओं को पदक व प्रमाणपत्र देकर किया सम्मानित

बरेली:अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को बरेली के स्पोर्ट्स स्टेडियम में अस्मिता महिला एथलेटिक्स लीग का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग की बालिकाओं और महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की पहल के अंतर्गत महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया गया।

प्रतियोगिता में अंडर-13 वर्ग की 100 मीटर दौड़ में राधा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। वहीं अनन्या विष्ट दूसरे और अवंतिका यादव तीसरे स्थान पर रहीं। इसी वर्ग की 200 मीटर दौड़ में भी राधा ने बाजी मारते हुए दोहरी सफलता हासिल की और पहला स्थान प्राप्त किया।

अंडर-18 वर्ग की प्रतियोगिताओं में भी खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। 100 मीटर दौड़ में रिद्धि पहले स्थान पर रहीं, जबकि वंशिका ने दूसरा और सुहानी ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं 200 मीटर दौड़ में रिदम शर्मा ने पहला स्थान प्राप्त किया।

18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की प्रतियोगिताओं में अनुष्का ने शानदार दौड़ लगाते हुए पहला स्थान हासिल किया। इस वर्ग में अंजली मौर्य दूसरे और कोमल तीसरे स्थान पर रहीं। 400 मीटर दौड़ में अंडर-13 वर्ग में राधा पहले, अनन्या दूसरे और परी वर्मा तीसरे स्थान पर रहीं। अंडर-18 वर्ग में रिदम शर्मा और 18 वर्ष से अधिक वर्ग में अंजली सिंह ने पहला स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता के अंत में रस्साकशी प्रतियोगिता भी कराई गई, जिसमें नारी शक्ति टीम ने पहला स्थान हासिल किया। स्टेडियम टीम दूसरे और एनसीसी टीम तीसरे स्थान पर रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल ने किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलों के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलते हैं।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख स्नेहलता गंगवार, खेल विभाग के अधिकारी, कोच और अन्य अतिथि भी मौजूद रहे। अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र दिए गए, जबकि विजेता खिलाड़ियों को पदक और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।