बरेली में 11 से 23 मार्च तक होगी अग्निवीर सेना भर्ती, जाट रेजीमेंट सेंटर में तैयारियां तेज
- Advertisement -
बरेली में 11 से 23 मार्च तक होगी अग्निवीर सेना भर्ती, जाट रेजीमेंट सेंटर में तैयारियां तेज
रिपोर्ट /आसिफ अली
- Advertisement -
बरेली। भारतीय सेना की अग्निपथ योजना के तहत होने वाली अग्निवीर सेना भर्ती 2025-26 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में सेना अधिकारियों और प्रशासनिक विभागों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सेना अधिकारियों ने जानकारी दी कि जाट रेजीमेंट केंद्र, बरेली में 11 मार्च से 23 मार्च 2026 तक अग्निवीर सेना भर्ती रैली आयोजित की जाएगी।
इस भर्ती में बरेली सहित उत्तर प्रदेश के 12 जिलों—बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, सीतापुर, संभल, पीलीभीत, हरदोई, फर्रुखाबाद और बदायूं के हजारों अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।
भर्ती कार्यक्रम के अनुसार 11 मार्च को अग्निवीर टेक्निकल, 12 मार्च को अग्निवीर ट्रेड्समैन (आठवीं और दसवीं) तथा अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी के लिए सभी 12 जिलों के अभ्यर्थी शामिल होंगे। 13 मार्च से 18 मार्च तक विभिन्न जिलों के लिए अग्निवीर जनरल ड्यूटी की भर्ती आयोजित की जाएगी, जबकि 19 मार्च को बरेली जिले के अभ्यर्थियों की जनरल ड्यूटी भर्ती होगी। 11 मार्च की सुबह 6 बजे से दौड़ की प्रक्रिया शुरू होगी।
सेना भर्ती निदेशक ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर साथ लेकर आएं और सभी जरूरी दस्तावेज भी साथ रखें। यदि किसी अभ्यर्थी को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में समस्या हो रही है तो वह सेना भर्ती कार्यालय बरेली में सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच संपर्क कर सकता है। 11 मार्च को शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को 10 मार्च की शाम से ही परिसर में प्रवेश दिया जाएगा, जहां ठहरने, पीने के पानी, शौचालय और भुगतान पर भोजन की व्यवस्था उपलब्ध रहेगी।
जिलाधिकारी ने बैठक में लोक निर्माण विभाग को दो दिन में बैरिकेडिंग का कार्य पूरा करने, विद्युत विभाग को जनरेटर की व्यवस्था करने, स्वास्थ्य विभाग को 108 एंबुलेंस और चिकित्सकीय टीम तैनात करने के निर्देश दिए। इसके अलावा रोडवेज बसों की व्यवस्था, फायर ब्रिगेड की तैनाती और सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
नगर निगम की ओर से बायोटॉयलेट, पानी के टैंक, डस्टबिन और सफाई कर्मियों की तैनाती की जाएगी। साथ ही दौड़ में पास होने वाले अभ्यर्थियों के ठहरने के लिए रैन बसेरों में भी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी।
प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से समय पर भर्ती स्थल पर पहुंचने, आवश्यक दस्तावेज साथ लाने और किसी भी प्रकार की अफवाह या दलालों से दूर रहने की अपील की है।