बरेली: बंदर के दौड़ाने पर छत से गिरकर 3 वर्षीय बच्ची की मौत, इलाके में मचा कोहराम
- Advertisement -
बरेली: बंदर के दौड़ाने पर छत से गिरकर 3 वर्षीय बच्ची की मौत, इलाके में मचा कोहराम
रिपोर्ट /आसिफ अली
- Advertisement -
बरेली के हाफिजगंज थाना क्षेत्र के रिठौरा कस्बे में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां बंदर के दौड़ाने पर छत से गिरकर तीन वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार रिठौरा कस्बा निवासी एक परिवार की तीन साल की बच्ची तनिष्का अपने घर की छत पर खेल रही थी। बताया जा रहा है कि होली के मौके पर घर के लोग रंग खेल रहे थे और बच्ची भी छत पर खेलते हुए रंगों का आनंद ले रही थी। इसी दौरान अचानक छत पर बंदर आ गया। बंदर को देखकर बच्ची घबरा गई और उससे बचने के लिए इधर-उधर भागने लगी।
आपको बता दे जानकारी के मुताबिक बंदर के डर से भागते समय बच्ची का संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे गिर गई। गंभीर रूप से घायल हालत में परिजन तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही हाफिजगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले के लोगों ने भी इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। मोहल्ले वालो का कहना है कि इलाके में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे आए दिन लोग परेशान रहते हैं। उन्होंने प्रशासन से बंदरों के आतंक से निजात दिलाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।