Holi 2026: सकुशल संपन्न हुआ ‘लाट साहब’ का जुलूस, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने की सराहना

0 64

- Advertisement -

 

 

 

- Advertisement -

Holi 2026: सकुशल संपन्न हुआ ‘लाट साहब’ का जुलूस, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने की सराहना

रिपोर्ट /आसिफ अली

शाहजहांपुर, उत्तर प्रदेश। होली 2026 के अवसर पर शाहजहांपुर में निकलने वाला ऐतिहासिक बड़े और छोटे ‘लाट साहब’ का जुलूस कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया।

पूरे आयोजन की कमान बरेली रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक अजय कुमार साहनी ने संभाली। उनकी निगरानी और सटीक रणनीति के चलते आठ किलोमीटर लंबा जुलूस बिना किसी अप्रिय घटना के संपन्न हुआ।

जुलूस पारंपरिक मार्ग चौक कोतवाली से चारखंभा, केरुगंज, खिरनीबाग, बाबा विश्वनाथ मंदिर, शहीद पार्क, घंटाघर होते हुए सरौंदी बंगला तक निकला। संवेदनशील स्थलों पर धर्मस्थलों को पहले से तिरपाल से ढका गया था तथा विवादित स्थानों पर टिनशेड और बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई थी।

चप्पे-चप्पे पर पुलिस, पीएसी और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे।

परंपरा के अनुसार बड़े लाट साहब भैंसागाड़ी पर सवार होकर निकले। हुरियारों ने जूते-चप्पल बरसाकर रस्म निभाई तो विभिन्न स्थानों पर मुस्लिम समाज और अन्य गणमान्य लोगों ने फूलों की वर्षा कर स्वागत किया। छोटे लाट साहब और हाथीथान क्षेत्र के जुलूस भी निर्धारित रूट पर सकुशल संपन्न हुए।

ट्रैफिक डायवर्जन योजना प्रभावी रही और आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर अन्य वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रखा गया।

उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने जुलूस के शांतिपूर्ण संपन्न होने पर पुलिस प्रशासन की सराहना की। उन्होंने डीआईजी अजय कुमार साहनी को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी नेतृत्व क्षमता और सतर्कता से कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रही।

इस अवसर पर बरेली मंडल के आयुक्त भूपेंद्र एस चौधरी भी मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने संयुक्त रूप से आमजन से भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

डीआईजी अजय कुमार साहनी ने आयोजन के बाद पूरी टीम और जनता का आभार जताते हुए कहा कि सभी के सहयोग से यह परंपरा शांति और उत्साह के साथ संपन्न हो सकी।