बहेड़ी नसीम अहमद हिस्ट्रीशीटर घोषित, पुलिस ने तीन पर खोली ‘बी’ श्रेणी हिस्ट्रीशीट
- Advertisement -
बहेड़ी नसीम अहमद हिस्ट्रीशीटर घोषित, पुलिस ने तीन पर खोली ‘बी’ श्रेणी हिस्ट्रीशीट
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
बरेली/बहेड़ी। जनपद में अपराध और तस्करी पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बहेड़ी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व नगर पालिका चेयरमैन नसीम अहमद समेत तीन लोगों को हिस्ट्रीशीटर घोषित कर दिया है। पुलिस ने संबंधित व्यक्तियों की ‘बी’ श्रेणी की हिस्ट्रीशीट खोलते हुए उन्हें निगरानी सूची में शामिल कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 18 फरवरी 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गोवंश तस्करी और पशु क्रूरता से जुड़े मामलों के सत्यापन अभियान के दौरान संदिग्ध आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के रिकॉर्ड की समीक्षा की गई। जांच के बाद नसीम अहमद उर्फ मंजूर अहमद, राजेश कुमार उर्फ राजू और धर्मपाल यादव उर्फ मुन्ना को चिन्हित किया गया।
बताया जा रहा है कि नसीम अहमद मूल रूप से लखनऊ के गोमती नगर क्षेत्र के निवासी हैं और वर्तमान में बहेड़ी में रह रहे हैं। पुलिस अभिलेखों के मुताबिक उनके खिलाफ पूर्व में मारपीट, दबंगई, धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। सत्यापन रिपोर्ट और पुराने मामलों के आधार पर ही यह कार्रवाई की गई है।
थाना स्तर पर तैयार रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि अब संबंधित व्यक्तियों की गतिविधियों, आवागमन और संपर्कों पर नियमित निगरानी रखी जाएगी। हिस्ट्रीशीटर घोषित होने के बाद समय-समय पर सत्यापन की प्रक्रिया अपनाई जाती है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्तता पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद बहेड़ी और आसपास के क्षेत्रों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। राजनीतिक हलकों में भी हलचल देखी जा रही है।
कुछ विरोधी नेताओं ने इसे कानून-व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में आवश्यक कदम बताया है, जबकि समर्थकों का कहना है कि कार्रवाई राजनीतिक द्वेष से प्रेरित हो सकती है। हालांकि पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरी कार्रवाई तथ्यों और दर्ज मामलों के आधार पर की गई है तथा क्षेत्र में कानून का राज कायम रखना ही प्राथमिक उद्देश्य है।