टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान के तहत वेरिफिकेशन कार्य शुरू

0 56

- Advertisement -

टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान के तहत वेरिफिकेशन कार्य शुरू

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

48 ग्राम पंचायतों ने किया टीवी मुक्त होने का दावा, टीम गांवों में जाकर करेगी जांच
बरेली,

जनपद बरेली में टीबी उन्मूलन की दिशा में चलाए जा रहे “टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान” के अंतर्गत सत्यापन (वेरिफिकेशन) कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।

जिले की 48 ग्राम पंचायतों ने स्वयं को टीबी मुक्त घोषित करने का दावा प्रस्तुत किया है, जिसकी जमीनी जांच के लिए जिला स्तर से टीम गठित की गई है।

जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. इंतजार हुसैन ने बताया कि शासन द्वारा हर वर्ष टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान चलाया जाता है। इसके अंतर्गत ग्राम पंचायतों को कुछ निर्धारित सूचकांकों को पूरा करने पर टीबी मुक्त घोषित किया जाता है।

उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत को टीबी मुक्त घोषित करने के लिए शासन द्वारा 6 प्रमुख सूचकांक तय किए गए हैं।

इनमें प्रति 1000 जनसंख्या पर कम से कम 30 लोगों की बलगम जांच, प्रति 1000 जनसंख्या पर एक या एक से कम रोगी, उपचार सफलता दर 85 प्रतिशत, रोगियों की नॉट जांच 60 प्रतिशत, निक्षय पोषण योजना की पहली किस्त का वितरण तथा रोगियों को पोषण पोटली प्राप्त होना शामिल है।

जो पंचायतें इन सभी मानकों को पूरा करती हैं, वे टीवी मुक्त होने का दावा कर सकती हैं। इन दावों के सत्यापन हेतु गठित टीम में मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर, पंचायती राज विभाग के अधिकारी तथा टीबी विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हैं।

टीम गांवों में जाकर वास्तविक स्थिति का आकलन करेगी और अपनी रिपोर्ट 15 फरवरी तक मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सौंपेगी। इसके बाद रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जाएगी।

विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर 24 मार्च को जिलाधिकारी द्वारा योग्य ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित कर ग्राम प्रधानों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।