ज़मीनी विवाद में पोते ने दादा की ईंट मारकर की हत्या, बीच-बचाव में गई बुजुर्ग की जान
- Advertisement -
ज़मीनी विवाद में पोते ने दादा की ईंट मारकर की हत्या, बीच-बचाव में गई बुजुर्ग की जान
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
बहेड़ी। जमीन के बंटवारे को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने एक बुजुर्ग की जान ले ली। शराब के नशे में चल रहे झगड़े के दौरान पोते ने अपने ही दादा पर ईंट से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, शाहगढ़ मोहल्ला निवासी राजू मौर्य का सोमवार देर रात करीब 9 बजे अपने चचेरे-ममेरे भाई से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान घर के बुजुर्ग सदस्य 85 वर्षीय मुन्नालाल मौके पर पहुंचे और दोनों को शांत कराने का प्रयास करने लगे।
आरोप है कि इसी बीच गुस्से में आकर राजू ने पास पड़ी ईंट उठाकर मुन्नालाल के पेट में मार दी। गंभीर चोट लगते ही बुजुर्ग मौके पर ही गिर पड़े। परिजन आनन-फानन में उन्हें सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। इसके बाद पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेज दिया गया है।
इंस्पेक्टर क्राइम रविंद्र कुमार ने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।