समाजवादी नेता के आवास व फर्नीचर शोरूम में लगी आग, बड़ा नुकसान
- Advertisement -
समाजवादी नेता के आवास व फर्नीचर शोरूम में लगी आग, बड़ा नुकसान
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
बरेली। नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव गरगईया में सोमवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब एक सपा नेता के मकान और उससे जुड़े फर्नीचर शोरूम में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक शोरूम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
बरेली-पीलीभीत हाईवे किनारे स्थित गरगईया गांव निवासी मोहम्मद यूनुस उर्फ डब्लू अंसारी समाजवादी पार्टी के सक्रिय नेता बताए जा रहे हैं। उनके आवास के बाहरी हिस्से में एमएच फोम और फर्नीचर का शोरूम संचालित है।
पीड़ित के अनुसार रोज की तरह रविवार शाम शोरूम बंद कर वह घर चले गए थे। सोमवार तड़के करीब चार बजे मकान में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग भड़क उठी।
आग की भनक लगते ही परिवार के लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। देखते ही देखते आग ने शोरूम को भी अपनी चपेट में ले लिया। फर्नीचर, फोम, गद्दे और अन्य कीमती सामान जलने लगा, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई।
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और व्यापारियों की मदद से काफी प्रयास के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, आग से शोरूम को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है। नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।