कचहरी जा रहे ग्रामीणों का टैंपो पलटा, रोडवेज बस की टक्कर से दो गंभीर घायल
- Advertisement -
कचहरी जा रहे ग्रामीणों का टैंपो पलटा, रोडवेज बस की टक्कर से दो गंभीर घायल
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
भमोरा क्षेत्र में तेज रफ्तार रोडवेज बस की लापरवाही, टक्कर मारकर चालक फरार
बरेली। थाना भमोरा क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में कोर्ट की तारीख पर जा रहे ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। गांव चंदउआ निवासी चार ग्रामीण टैंपो से बरेली कचहरी जा रहे थे, तभी पीछे से आई तेज रफ्तार रोडवेज बस ने टैंपो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैंपो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
हादसा रामगंगा पुल से पहले अखा क्षेत्र के पास हुआ। टैंपो में सवार भानु प्रताप पुत्र केदार और रामोतार पुत्र ननकू को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं राम सिंह पुत्र मुंशीलाल और ननकू इस हादसे में बाल-बाल बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद रोडवेज बस चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया। वहीं टैंपो चालक भी वाहन छोड़कर भाग निकला। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया।
घटना की जानकारी मिलने पर भमोरा पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त टैंपो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि फरार रोडवेज बस की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। दोषी चालक के खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई है।
इस हादसे ने एक बार फिर रोडवेज बसों की तेज रफ्तार और लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ितों को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है।